BSL प्रबंधन ने कहा- नोटिस और सार्वजनिक सूचना के बावजूद कई आवासधारी असुरक्षित क्वार्टर खाली नहीं कर रहे
बोकारो | 28 अगस्त 2026 : बोकारो के सेक्टर-12E में आवास के एक हिस्से के ढहने की घटना के बाद अब बोकारो स्टील प्लांट (BSL) प्रबंधन का आधिकारिक पक्ष सामने आया है।
BSL ने कहा है कि घटना में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन प्रभावित ब्लॉक को पहले ही असुरक्षित घोषित किया जा चुका था। प्रबंधन के अनुसार, असुरक्षित आवासों को खाली कराने के लिए कई बार नोटिस भी जारी किए गए थे।
169 आवासीय ब्लॉक घोषित हो चुके हैं असुरक्षित
BSL के अनुसार, आवासधारियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए NIT पटना के विशेषज्ञों से चरणबद्ध स्ट्रक्चरल ऑडिट कराया गया। प्रथम चरण के निरीक्षण के बाद कुल 169 आवासीय ब्लॉकों को ‘निवास हेतु असुरक्षित’ घोषित किया गया है।
इन ब्लॉकों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित क्वार्टरों में शिफ्ट कराने के लिए नगर प्रशासन की ओर से परिपत्र जारी किया गया है।
नोटिस के बावजूद आवास खाली नहीं करने का दावा
BSL प्रबंधन का कहना है कि असुरक्षित घोषित ब्लॉकों के आवासधारियों को कई बार नोटिस दिया गया। अखबारों के माध्यम से सार्वजनिक सूचना, प्रभावित आवासों में नोटिस चस्पा करने और व्यक्तिगत लीगल नोटिस देने की कार्रवाई भी की गई।
इसके अलावा NIT पटना के विशेषज्ञों के साथ प्रभावित आवासधारियों का जन-संवाद भी कराया गया, ताकि उन्हें भवन की स्थिति और संभावित खतरे की जानकारी दी जा सके।
जुलाई में भी हुई थी सीढ़ी गिरने की घटना
प्रबंधन के मुताबिक, जिस ब्लॉक का हिस्सा 28 अगस्त को गिरा, वहां जुलाई 2026 में सीढ़ी गिरने की घटना पहले ही हो चुकी थी। इसके बाद नगर प्रशासन ने ब्लॉक को असुरक्षित घोषित किया था।
ब्लॉक में तीन क्वार्टर खाली थे, जबकि तीन क्वार्टर में लाइसेंसधारी रह रहे थे। तीनों को सुरक्षित क्षेत्र में वैकल्पिक आवास चुनकर शिफ्ट होने की सुविधा दी गई थी। इनमें से एक लाइसेंसधारी ने वैकल्पिक आवास चुनकर कुछ दिन पहले ब्लॉक खाली कर दिया, जबकि दो आवासधारियों ने नोटिस के बावजूद क्वार्टर खाली नहीं किया।
BSL ने फिर की सुरक्षित आवास में शिफ्ट होने की अपील
BSL ने प्रभावित आवासधारियों से अपनी और परिवार की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए तुरंत सुरक्षित आवास में शिफ्ट होने की अपील की है। प्रबंधन ने कहा है कि शिफ्टिंग के लिए विशेष सहायता कार्यदल बनाया जाएगा और प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।




