चास में लगातार चोरी की तीन वारदातों का पुलिस ने किया उद्भेदन, लाखों के सामान की बरामदगी
बोकारो | 19 अगस्त 2026
बोकारो के चास थाना क्षेत्र में घरों में चोरी की लगातार हो रही वारदातों का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी के आभूषण, मोबाइल फोन, नकदी समेत कई सामान बरामद किए गए हैं।
🔴 तीन चोरी की घटनाओं के बाद पुलिस ने कसा शिकंजा
पुलिस के अनुसार 22 जुलाई, 11 अगस्त और 15 अगस्त 2026 की रात अज्ञात चोरों ने घरों की खिड़की तोड़कर जेवरात, नकद रुपये और मोबाइल फोन चोरी किए थे। इन घटनाओं को लेकर चास थाना में क्रमशः कांड संख्या 94/2026, 102/2026 और 103/2026 दर्ज किए गए थे।
🚔 छापेमारी टीम ने 6 आरोपियों को दबोचा
एसपी बोकारो के निर्देश पर एएसपी सिटी चास के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम गठित की गई। पुलिस ने मानवीय और तकनीकी स्रोतों के आधार पर कार्रवाई करते हुए चोरी की घटनाओं में संलिप्त आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की और उनकी निशानदेही पर चोरी का सामान बरामद किया गया।
📦 सोने के कंगन से लेकर मोबाइल तक बरामद
पुलिस ने आरोपियों के पास से सोने जैसे कंगन के 7 पीस, सोने जैसे धातु का 3.50 ग्राम टुकड़ा, लोहे का चापड़, छोटा तौलने का मशीन, 7 मोबाइल फोन और 12 पांच रुपये के नोट बरामद किए हैं।
👮 गिरफ्तार आरोपियों में कौन-कौन?
पुलिस प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में गौतम बाउरी उर्फ मिरिंडा, राहुल कुमार बाउरी, रवि कुमार पांडेय, प्रिंस कुमार उर्फ कृष्ण, अमन राज उर्फ मनीष कुमार और कृष्णा कुमार पॉल शामिल हैं।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गौतम बाउरी उर्फ मिरिंडा के खिलाफ चास थाना में वर्ष 2021 के दो पूर्व मामले भी दर्ज हैं।
🔥 पुलिस टीम की अहम भूमिका
छापेमारी अभियान में एएसपी सिटी चास वेदांत शंकर, चास थाना प्रभारी दिनेश कुमार सिंह सहित पुलिस पदाधिकारी, चास थाना रिजर्व गार्ड और तकनीकी शाखा के कर्मी शामिल रहे।




