जमशेदपुर में बाढ़ का खतरा अभी बरकरार, स्वर्णरेखा-खरकई का जलस्तर घटा; प्रशासन अलर्ट
जमशेदपुर: लगातार बारिश के बाद जमशेदपुर में बनी बाढ़ की स्थिति के बीच राहत की खबर है।
बुधवार को स्वर्णरेखा और खरकई नदी के जलस्तर में गिरावट दर्ज की गई है।
हालांकि दोनों नदियां अब भी खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं, जिसके चलते जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है।
जलजमाव वाले इलाकों में राहत कार्य तेज
उपायुक्त राजीव रंजन ने जलजमाव वाले क्षेत्रों से तत्काल पानी निकालने का निर्देश दिया है। शास्त्रीनगर, रामजनमनगर और बागबेड़ा समेत प्रभावित इलाकों में मोटर पंप के जरिए जल निकासी का काम जारी है।
पानी निकलने के बाद प्रभावित क्षेत्रों में युद्धस्तर पर सफाई, ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव और फॉगिंग कराने के निर्देश दिए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग को भी प्रभावित इलाकों में विशेष निगरानी रखने को कहा गया है।
आश्रय स्थलों पर जरूरी सुविधाओं की तैयारी
प्रशासन ने चिन्हित आश्रय स्थलों पर भोजन, पेयजल, प्राथमिक उपचार, रोशनी और स्वच्छता जैसी जरूरी सुविधाएं तैयार रखने के निर्देश दिए हैं।
प्रशासन ने लोगों से नदी, नाला और जलजमाव वाले क्षेत्रों के पास अनावश्यक रूप से नहीं जाने की अपील की है। जरूरत पड़ने पर लोगों को सुरक्षित ऊंचे स्थानों या चिन्हित आश्रय स्थलों पर जाने को कहा गया है।
प्रशासन ने साफ कहा है—अफवाहों पर भरोसा न करें और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही विश्वास करें।




