प्रिया सिंह की नृत्य प्रस्तुति पर गूंजा तालियों का शोर, मंच पर हुआ विशेष सम्मान
बोकारो: आशालता प्रांगण स्थित मानसरोवर हॉल में स्वयंसेवी संस्था ‘मृणालिका–सपनों की उड़ान’ की ओर से सावन महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में DND डांस एकेडमी की शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहीं। एकेडमी की संचालिका प्रिया सिंह ने अपने एकल एवं समूह नृत्य से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
प्रिया सिंह की प्रस्तुति को मिली खूब सराहना
सावन महोत्सव के दौरान प्रिया सिंह और उनके बच्चे की युगल नृत्य प्रस्तुति ने खास तौर पर दर्शकों का ध्यान खींचा। मनमोहक नृत्य और शानदार प्रस्तुति पर सभागार तालियों से गूंज उठा। कार्यक्रम में उत्कृष्ट नृत्य संयोजन और कला के लिए मुख्य अतिथि शुभम रंजन ने प्रिया सिंह को मंच पर सम्मानित कर उन्हें आशीर्वाद एवं शुभकामनाएं दीं।
दीप प्रज्ज्वलन से हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ
कार्यक्रम का उद्घाटन बोकारो महिला समिति की अध्यक्ष शुभम रंजन, सीसीएल के निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्रा, ईती रथ, आशा दत्ता, एनडीसी राजकुमार शर्मा एवं बीपीसीएल के पूर्व मुख्य कार्यकारी निदेशक केके ठाकुर ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
हरे परिधानों में सजी महिलाओं की मौजूदगी से पूरा मानसरोवर हॉल सावन के रंग में रंगा नजर आया। कार्यक्रम में महिलाओं के लिए विभिन्न मनोरंजक प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया।
मिथिला पेंटिंग कलाकार इंदु मिश्रा सम्मानित
सावन महोत्सव में मिथिला पेंटिंग की कलाकार इंदु मिश्रा को भी सम्मानित किया गया। इसके अलावा मृणालिका, राखी सिंह, निशा और नंदिनी ने भी आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।
प्रिया सिंह ने सम्मान के लिए संस्था और सभी अतिथियों का आभार जताते हुए कहा कि यह सम्मान और दर्शकों का प्यार उनके और उनकी एकेडमी के लिए बेहद अनमोल प्रेरणा है।
कार्यक्रम में ये लोग रहे मौजूद
कार्यक्रम में संस्थापक सदस्य किशु सिंह, किरण मिश्रा, नीरा अखौरी, सीमा ठाकुर, माधुरी सिंह, मनोरमा मिश्रा, रीता सिंह, रीतुकला, गीता भारती, मीरा राजू, माधुरी समरेश, गीता सैनी, ज्योति, प्रीति, मीलिमणि, रेखा, सरोज पांडेय और श्वेता रस्तोगी सहित शहर की कई गणमान्य महिलाएं उपस्थित रहीं।




