ईटखोरी-हजारीबाग रोड पर पुलिस ने घेराबंदी कर दो आरोपियों को दबोचा, पूछताछ के बाद तीसरा साथी भी गिरफ्तार; तीनों भेजे गए न्यायिक हिरासत में
📍 चतरा | मयूरहंड | 19 अगस्त 2026 : चतरा से इस वक्त की बड़ी खबर है। मयूरहंड थाना पुलिस ने चोरी की बाइक के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की यह कार्रवाई थाना प्रभारी राहुल दूबे के नेतृत्व में की गई।
पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना मिली थी कि चोरी की मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध ईटखोरी-हजारीबाग रोड से ईटखोरी मोड़ की ओर आ रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी की।
इसी दौरान स्पलेंडर बाइक नंबर MH02GC 4226 पर सवार प्रशांत कुमार यादव उर्फ माइकल, उम्र 21 वर्ष, और साजन कुमार उर्फ सर्जन कुमार, उम्र 20 वर्ष को पुलिस ने पकड़ लिया।
पूछताछ और आरोपियों के स्वीकारोक्ति बयान के आधार पर पुलिस ने सहरजाम गांव में छापेमारी की। यहां से गिरोह के तीसरे साथी सूरज कुमार, उम्र 21 वर्ष, को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि प्रशांत कुमार यादव और सूरज कुमार के खिलाफ हजारीबाग सदर, ईटखोरी और मयूरहंड थानों में चोरी से जुड़े मामले दर्ज हैं। वहीं साजन कुमार भी मयूरहंड थाने में दर्ज एक कांड का अभियुक्त बताया गया है।
मयूरहंड पुलिस की इस कार्रवाई में थाना प्रभारी राहुल दूबे, सहायक अवर निरीक्षक पुनीत कुमार और सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।
पुलिस ने गिरफ्तार तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।




