रांची में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, छिनतई गिरोह का पर्दाफाश
रांची : पुलिस ने मोबाइल छिनतई की लगातार बढ़ रही घटनाओं पर नकेल कसते हुए एक बड़े गिरोह का भंडाफोड़ किया है। शनिवार (30 अगस्त 2025) को छापेमारी के दौरान पांच अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। इनके पास से 24 चोरी के मोबाइल फोन, एक एक्टिवा स्कूटी और एक अपाची मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
ऐसे करते थे वारदात
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि गिरोह के सदस्य बाइक और स्कूटी पर नंबर प्लेट छुपाकर या फर्जी नंबर लगाकर राहगीरों से मोबाइल छिनते थे। बाद में चोरी के मोबाइल फोन को चटकपुर स्थित अमन मोबाइल शॉप में बेचा जाता था।
गिरफ्तार अपराधियों की पहचान इस प्रकार है:
आदित्य सिंह (21 वर्ष), पंडरा
विकास कुमार (22 वर्ष), पंडरा
कुणाल महतो उर्फ रावत (19 वर्ष), पंडरा
सौरभ चौधरी (20 वर्ष), रातू रोड
अमन कुमार (25 वर्ष), चटकपुर
पुलिस ने क्या बरामद किया
जांच के दौरान पुलिस ने जिन मोबाइल फोन को बरामद किया, उनमें टेक्नो, रियलमी, रेडमी, सैमसंग, वीवो, पोको और इन्फिनिक्स जैसी कंपनियों के हैंडसेट शामिल हैं। बरामद मोबाइल की कुल संख्या 24 बताई गई है।
इसके अलावा,
एक एक्टिवा स्कूटी (JH 01 EC7382)
एक अपाची मोटरसाइकिल (JH01BM6767)
भी जब्त की गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की निगरानी में कार्रवाई
यह कार्रवाई पुलिस उपमहानिरीक्षक सह वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची और पुलिस अधीक्षक, नगर, रांची के निर्देश पर की गई। छापामारी दल में चुटिया थाना के पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल थे।
पुलिस की अपील
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी का मोबाइल छिना गया है तो वह थाना में संपर्क करें ताकि बरामद फोनों की पहचान कर उन्हें वापस किया जा सके।







