एसआईआर-2026 अभियान के तहत गणना प्रपत्र वितरण, संग्रहण और डिजिटाइजेशन कार्य की समीक्षा, समयबद्ध एवं त्रुटिरहित निष्पादन के दिए निर्देश।
बोकारो | 08 जुलाई 2026 : बोकारो के जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त अजय नाथ झा ने बुधवार को गोमिया प्रखंड के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर एसआईआर-2026 अभियान की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाली बीएलओ संगिता देवी को साल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया तथा सभी मतदान कर्मियों को शत-प्रतिशत गुणवत्ता और पारदर्शिता के साथ कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए।
गोमिया के मतदान केंद्रों पर डीसी ने की एसआईआर-2026 अभियान की समीक्षा
विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 अभियान के तहत जिला निर्वाचन पदाधिकारी (डीईओ) सह उपायुक्त अजय नाथ झा ने बुधवार को गोमिया प्रखंड के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर अभियान की प्रगति का विस्तृत जायजा लिया। उन्होंने गणना प्रपत्र (एन्यूमरेशन फॉर्म) के वितरण, संग्रहण एवं डिजिटाइजेशन कार्य की समीक्षा करते हुए सभी संबंधित अधिकारियों एवं बीएलओ को निर्धारित समय-सीमा के भीतर शत-प्रतिशत गुणवत्ता और पारदर्शिता के साथ कार्य पूरा करने का निर्देश दिया।
इन मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने मतदान केंद्र संख्या 115, 105, 104, 98, 97 एवं 5 का दौरा किया। उन्होंने बीएलओ से घर-घर संपर्क, गणना प्रपत्र वितरण, संग्रहण तथा डिजिटाइजेशन की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली और अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए।
उत्कृष्ट कार्य पर संगिता देवी सम्मानित
मतदान केंद्र संख्या-105 की बीएलओ संगिता देवी के उत्कृष्ट कार्य की सराहना करते हुए उपायुक्त ने उन्हें एवं उनके सुपरवाइजर को साल ओढ़ाकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि ऐसे समर्पित कर्मी पूरे अभियान के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
इस मतदान केंद्र पर कुल 704 मतदाताओं में से 698 मतदाताओं तक गणना प्रपत्र पहुंचाए जा चुके हैं, जबकि 308 प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन भी पूरा हो चुका है। उपायुक्त ने इस प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए शेष कार्य भी शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया।
त्रुटिरहित कार्य और नियमित मॉनिटरिंग पर जोर
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने बीएलओ कविता देवी, पुष्पा देवी, सुनीता देवी एवं प्रमिला देवी सहित सभी मतदान कर्मियों से संवाद किया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि गणना प्रपत्र वितरण, संग्रहण और डिजिटाइजेशन के प्रत्येक चरण में शत-प्रतिशत शुद्धता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं होगी और अभियान की सफलता के लिए नियमित मॉनिटरिंग, टीम वर्क तथा समयबद्ध कार्य निष्पादन आवश्यक है।
इस अवसर पर ईआरओ सह अपर समाहर्ता सुनील चन्द्र, डीपीआरओ मो. सफीक आलम, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, एईआरओ सह सीओ मो. अफताब आलम, बीडीओ महादेव महतो, एपीआरओ अविनाश कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।





