गोमिया के बिरहोर टांडा और पीवीजीटी टोला पहुंचे डीईओ सह डीसी, ग्रामीणों से संवाद कर हर पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची में जोड़ने का दिया भरोसा।
बोकारो | 08 जुलाई 2026 : बोकारो जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 अभियान के तहत जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त अजय नाथ झा ने बुधवार को गोमिया प्रखंड के दूरस्थ बिरहोर टांडा और पीवीजीटी गांवों का दौरा किया। उन्होंने अभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुए ग्रामीणों से संवाद किया और हर पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची में सुनिश्चित करने का भरोसा दिलाया।
बिरहोर टांडा पहुंचकर डीसी ने की एसआईआर-2026 अभियान की समीक्षा
विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 अभियान के तहत जिला निर्वाचन पदाधिकारी (डीईओ) सह उपायुक्त अजय नाथ झा ने बुधवार को गोमिया प्रखंड की सियारी पंचायत स्थित डुमरी बिरहोर टांडा तथा तुलबुल पंचायत के पिंड्रा गांव के पीवीजीटी टोला का भ्रमण कर अभियान की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र तभी मजबूत होगा, जब समाज के अंतिम व्यक्ति तक मतदान प्रक्रिया की पहुंच सुनिश्चित हो और कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची से वंचित न रहे।
बीएलओ और वोलेंटियर्स को दिए महत्वपूर्ण निर्देश
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने मतदान केंद्र संख्या 49 एवं 144-145 के बीएलओ सुनता देवी, वृंदा देवी और दुलारी देवी, बीएलओ सुपरवाइजर एवं वोलेंटियर्स से संवाद कर गणना प्रपत्रों के वितरण, संग्रहण और डिजिटाइजेशन कार्य की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने अभियान में तेजी लाने, प्रत्येक घर तक पहुंचने तथा कार्य को समयबद्ध एवं त्रुटिरहित ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।
बिरहोर परिवारों से संवाद, समस्याएं भी सुनीं
डीईओ सह डीसी ने बिरहोर समुदाय के ग्रामीणों के बीच बैठकर उनकी समस्याएं सुनीं और उनके समाधान पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य केवल सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ना भी है।
उन्होंने ग्रामीणों से समय पर सही जानकारी के साथ गणना प्रपत्र भरकर अपने बीएलओ को उपलब्ध कराने तथा एसआईआर-2026 अभियान में सक्रिय सहयोग की अपील की। साथ ही बीएलओ एवं वोलेंटियर्स से संवेदनशीलता, धैर्य और समर्पण के साथ कार्य करते हुए यह सुनिश्चित करने को कहा कि दूरस्थ एवं विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समुदाय (पीवीजीटी) का कोई भी पात्र मतदाता इस महत्वपूर्ण अभियान से वंचित न रहे। जिला प्रशासन का लक्ष्य लोकतंत्र की इस प्रक्रिया को हर घर और हर नागरिक तक सम्मानपूर्वक पहुंचाना है।





