SAIL-BSL और Forbes Marshall के बीच समझौता, कार्बन उत्सर्जन घटाने की दिशा में बड़ा कदम
बोकारो, 7 अप्रैल: सस्टेनेबल इस्पात उत्पादन की दिशा में एक बड़ी पहल करते हुए स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (SAIL) के बोकारो स्टील प्लांट (BSL) ने ब्लास्ट फर्नेस संख्या-1 में हाइड्रोजन गैस इंजेक्शन शुरू करने के लिए फोर्ब्स मार्शल प्राइवेट लिमिटेड के साथ ऐतिहासिक समझौता किया है।
यह अनुबंध निदेशक प्रभारी प्रिय रंजन और संयंत्र के वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में संपन्न हुआ। इस पहल को आयरन निर्माण प्रक्रिया में कार्बन उत्सर्जन कम करने की दिशा में एक परिवर्तनकारी कदम माना जा रहा है।
वैश्विक स्तर पर ग्रीनहाउस गैसों में कमी लाने के प्रयासों के बीच इस्पात उद्योग में स्वच्छ तकनीकों को तेजी से अपनाया जा रहा है। ब्लास्ट फर्नेस कार्बन डाइऑक्साइड उत्सर्जन का प्रमुख स्रोत होते हैं, इसलिए इस परियोजना को विशेष महत्व दिया जा रहा है।
राष्ट्रीय ग्रीन हाइड्रोजन मिशन के तहत इस परियोजना में पारंपरिक ईंधनों की जगह आंशिक रूप से हाइड्रोजन का उपयोग किया जाएगा, जो एक स्वच्छ और प्रभावी विकल्प है।
इस परियोजना में सेल का आरएंडडी सेंटर (RDCIS) मुख्य परामर्शदाता की भूमिका निभा रहा है, जबकि प्राइमेटल्स टेक्नोलॉजीज, यूके तकनीकी सहयोग प्रदान कर रहा है।
विशेषज्ञों के अनुसार, इस परियोजना के सफल होने पर बोकारो स्टील प्लांट न केवल कार्बन उत्सर्जन में कमी लाएगा, बल्कि ग्रीन स्टील उत्पादन में वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान भी मजबूत करेगा।







