HomeNEWSBOKAROबोकारो में विकसित होंगे 10 मॉडल सोलर विलेज, डीसी अजय नाथ झा...

बोकारो में विकसित होंगे 10 मॉडल सोलर विलेज, डीसी अजय नाथ झा ने शुरू की पहल

पीएम सूर्य घर योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर बैठक, ग्रामीणों को ऋण सुविधा उपलब्ध कराने पर जोर

बोकारो : 30 मई 2026

बोकारो जिले में सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने और ग्रामीण क्षेत्रों को ऊर्जा आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल शुरू की गई है। शनिवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में उपायुक्त (डीसी) अजय नाथ झा ने प्रधानमंत्री सूर्य घर : मुफ्त बिजली योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर समीक्षा बैठक की। बैठक में जिले के विभिन्न प्रखंडों से 10 गांवों का चयन कर उन्हें मॉडल सोलर विलेज के रूप में विकसित करने का निर्णय लिया गया।

10 गांवों के चयन की प्रक्रिया शुरू

बैठक में उपायुक्त ने जिला योजना शाखा को निर्देश दिया कि सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों (बीडीओ) से समन्वय कर ऐसे गांवों की पहचान की जाए, जहां योजना के बेहतर क्रियान्वयन और सामुदायिक सहभागिता की अधिक संभावना हो।

उन्होंने चयनित गांवों की सूची तैयार कर विभाग को भेजने का निर्देश दिया, ताकि उन्हें मॉडल सोलर विलेज के रूप में विकसित करने की प्रक्रिया शीघ्र शुरू की जा सके।

ग्रामीणों को मिले आसान ऋण सुविधा

उपायुक्त ने कहा कि योजना का लाभ अधिक से अधिक परिवारों तक पहुंचाने के लिए बैंकिंग सहयोग बेहद जरूरी है। उन्होंने अग्रणी जिला प्रबंधक (एलडीएम) को निर्देश दिया कि बैंकों के माध्यम से लोगों को योजना के प्रति जागरूक किया जाए और पात्र लाभुकों को आवश्यक ऋण सुविधा उपलब्ध कराई जाए।

उन्होंने कहा कि वित्तीय सहायता मिलने से ग्रामीण परिवार आसानी से सौर ऊर्जा आधारित प्रणालियों को अपनाने के लिए प्रेरित होंगे।

सौर ऊर्जा से घटेगा बिजली खर्च

बैठक में डीसी ने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना स्वच्छ एवं नवीकरणीय ऊर्जा को बढ़ावा देने वाली एक महत्वपूर्ण पहल है। इसके माध्यम से ग्रामीण परिवारों के बिजली खर्च में कमी आएगी और पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।

उन्होंने कहा कि मॉडल सोलर विलेज की अवधारणा जिले में ऊर्जा के वैकल्पिक स्रोतों के उपयोग को बढ़ाने के साथ-साथ सतत विकास को नई दिशा देगी।

जिले में बनेगा सौर ऊर्जा आधारित विकास मॉडल

मॉडल सोलर विलेज योजना के तहत चयनित गांवों में सौर ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा दिया जाएगा। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली की उपलब्धता बेहतर होगी और ऊर्जा बचत के प्रति लोगों में जागरूकता भी बढ़ेगी।

प्रशासन का लक्ष्य है कि चयनित गांव भविष्य में जिले और राज्य के अन्य क्षेत्रों के लिए भी एक आदर्श मॉडल बनें।

कई अधिकारी रहे उपस्थित

बैठक में उप विकास आयुक्त (डीडीसी) शताब्दी मजूमदार, कार्यपालक अभियंता विद्युत चास एस.बी. तिवारी, डीपीआरओ रवि कुमार, एपीआरओ अविनाश कुमार सिंह, मुखिया अंबुज महतो सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

City Hulchul Official
City Hulchul Officialhttp://cityhulchul.in
City Hulchul Official is a digital news platform dedicated to delivering accurate, timely, and reliable news from Bokaro, Jharkhand, and across India. Covering local news, politics, crime, education, business, sports, and public issues, City Hulchul aims to keep readers informed with factual and unbiased reporting.
spot_img
spot_img
spot_img
spot_img
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_img

Most Popular

Recent Comments