नावाडीह थाना कांड में हथियार के बल पर डकैती का आरोप, फरार आरोपी मुस्ताक शेख गिरफ्तार
बोकारो | 19 अगस्त 2026
बोकारो के नावाडीह थाना क्षेत्र में डकैती के एक मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। करीब एक साल से फरार चल रहे प्राथमिकी अभियुक्त मुस्ताक शेख उर्फ मो. मुस्ताक को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। आरोपी के खिलाफ न्यायालय से इश्तेहार भी जारी किया गया था।
🔴 क्या है पूरा मामला?
नावाडीह थाना कांड संख्या 57/2025, दिनांक 18 अगस्त 2025, धारा 310(2) बीएनएस के तहत यह मामला दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता धननेश्वर साहू, निवासी बिरनी, थाना नावाडीह, ने आरोप लगाया था कि 18 अगस्त 2025 की रात करीब 1 बजे 8 से 10 अज्ञात अपराधियों ने उनके घर के पीछे के दरवाजे का ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया।
आरोप है कि अपराधियों ने हथियार का भय दिखाकर जेवरात और नकद रुपये की डकैती की थी।
🔥 सात आरोपी पहले ही भेजे जा चुके हैं जेल
पुलिस के अनुसार, अनुसंधान के दौरान इस कांड में सात प्राथमिकी अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है।
वहीं, प्राथमिकी अभियुक्त मुस्ताक शेख उर्फ मो. मुस्ताक, उम्र करीब 26 वर्ष, पिता शेख सकरुद्दीन, निवासी खरखरी बस्ती, थाना मधुबन, जिला धनबाद, घटना के बाद से फरार चल रहा था।
🚔 वारंट के बाद पुलिस ने दबोचा
फरार आरोपी के खिलाफ माननीय न्यायालय से इश्तेहार निर्गत किया गया था। अनुसंधान के क्रम में पुलिस ने मुस्ताक शेख को गिरफ्तार कर 19 अगस्त 2026 को न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
पुलिस की छापेमारी टीम में पु०अ०नि० सह थाना प्रभारी अमित कुमार सोनी, पु०अ०नि० राहुल कुमार राम एवं आरक्षी 1334 शेख मो. शाहरुख शामिल थे।




