सौंधव घाटी में चार वाहनों की भीषण टक्कर, सात लोग घायल – दो की हालत गंभीर
बोकारो-रामगढ़ सीमा पर ओवरटेक के दौरान हुआ हादसा, पुलिस और स्थानीय लोगों ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन
📍 बोकारो/रामगढ़ | 24 मई 2025
बोकारो जिले के पेटरवार और गोला थाना क्षेत्र के अंतर्गत सौंधव घाटी में शुक्रवार की रात ओवरटेक के प्रयास में चार वाहन आपस में भीषण रूप से टकरा गए। इस हादसे में सात लोग घायल हो गए, जिनमें से दो की हालत गंभीर बनी हुई है।
हादसा तब हुआ जब छाई लदा हाईवा ट्रक बोकारो से रामगढ़ की ओर जा रहा था और उसने एफसीआई के चावल लदे एलपी ट्रक को ओवरटेक करने की कोशिश की। इसी दौरान तेज ब्रेक लगाने से हाईवा ट्रक ने सामने से आ रही मारुति स्विफ्ट डिजायर को टक्कर मार दी।
कार चालक की सूझबूझ से टली बड़ी दुर्घटना
मारुति कार में बैठे लोग चंदनक्यारी जा रहे थे। कार चालक ने समझदारी दिखाते हुए कार को खेत की ओर उतार दिया जिससे बड़ी जनहानि टल गई। फिर भी कार सवारों को चोटें आई हैं।
पुलिस ने चलाया राहत कार्य, गंभीर घायल अस्पताल में भर्ती
पेटरवार और गोला थाना पुलिस, साथ ही स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को गोला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। डॉक्टरों के अनुसार सभी घायल खतरे से बाहर हैं, हालांकि दो की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
हाईवा ट्रक का चालक वाहन में फंसा हुआ था, जिसे काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। इस टक्कर के तुरंत बाद रामगढ़ की ओर से आ रही एक ट्रेलर वाहन भी दुर्घटनाग्रस्त हो गई।







