रांची से अगवा 11 वर्षीय छात्रा कुज्जू से सकुशल बरामद, NH33 पर पुलिस का ऑपरेशन सफल
रांची: बुधवार सुबह करीब 7 से 8 बजे के बीच सिरम टोली फ्लाईओवर के पास उस समय सनसनी फैल गई जब एक 11 वर्षीय स्कूली छात्रा को अज्ञात अपराधियों ने अपहरण कर लिया। छात्रा एक टोटो से स्कूल जा रही थी, तभी ब्लैक कलर की Hyundai i20 (नंबर JH01SU 6874) से आए अपहरणकर्ताओं ने उसे जबरन गाड़ी में बैठा लिया और फरार हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही रांची पुलिस अलर्ट हो गई और सभी सीमावर्ती जिलों को तत्परता से सूचित किया गया। रामगढ़, कुज्जू और मांडू पुलिस ने NH33 पर कई चेक नाके स्थापित कर दिए। मांडू थाना प्रभारी सदानंद कुमार की टीम ने अपहरण वाहन को चिन्हित कर उसका पीछा किया। पुलिस की सक्रिय दबिश के कारण अपराधी कुज्जू थाना क्षेत्र में छात्रा को चलती गाड़ी से धक्का देकर फरार हो गए। इसके बाद कुज्जू पुलिस ने छात्रा को सुरक्षित बरामद कर लिया और पूरे इलाके की घेराबंदी कर सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस का बयान
पुलिस का कहना है कि वाहन को ट्रैक कर लिया गया है और जल्द ही अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वाहन नंबर के आधार पर गाड़ी मालिक की जानकारी जुटाई जा रही है।







