लेखापाल कौशल पांडेय गिरफ्तार, 63 बार में निकाली गई करोड़ों की रकम; पत्नी के खाते में ट्रांसफर, जांच में और खुलासे संभव
बोकारो | क्राइम / भ्रष्टाचार
बोकारो जिले में एक बड़े वित्तीय घोटाले का खुलासा हुआ है, जहां पुलिस अधीक्षक कार्यालय की लेखा शाखा में पदस्थापित एक लेखापाल ने सेवानिवृत्त हवलदार के नाम पर करोड़ों रुपये की फर्जी निकासी कर ली। इस मामले में आरोपी लेखापाल कौशल कुमार पांडेय को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह ने बताया कि आरोपी ने जुलाई 2016 में रिटायर्ड हुए हवलदार उपेंद्र सिंह के नाम का दुरुपयोग करते हुए पोर्टल में उनकी जानकारी से छेड़छाड़ की। इसके बाद तीन वित्तीय वर्षों में 25 महीनों के दौरान 63 बार में कुल 4 करोड़ 29 लाख 71 हजार रुपये की अवैध निकासी की गई।
जांच में सामने आया है कि निकाली गई राशि आरोपी ने अपनी पत्नी अनु पांडेय के बैंक खाते में ट्रांसफर कर दी थी। इसके लिए फर्जी पे-आईडी का उपयोग किया गया और जीपीएफ खाते में भी गड़बड़ी की गई। कई मामलों में एक ही अवधि के लिए अलग-अलग वाउचर नंबर से पैसे निकाले गए, साथ ही टीडीएस जैसी अनिवार्य कटौतियां भी नहीं की गईं।
मामले की जांच मुख्यालय डीएसपी अनिमेष कुमार गुप्ता और सिटी डीएसपी आलोक रंजन के नेतृत्व में की गई। ई-कुबेर और डीडीओ पोर्टल की जांच के दौरान फर्जी निकासी का खुलासा हुआ। जिला कोषागार पदाधिकारी के आवेदन पर बीएस सिटी थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके पास से दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं। साथ ही उसे तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है और संबंधित बैंक खाते को फ्रीज कर दिया गया है। प्रारंभिक जांच में डीडीओ स्तर पर भी गड़बड़ी और संभावित मिलीभगत की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस का कहना है कि इस घोटाले में अन्य लोगों की संलिप्तता से भी इनकार नहीं किया जा सकता और मामले की गहन जांच जारी है।







