बोकारो में गुप्त सूचना पर बड़ी कार्रवाई, विदेशी शराब की भारी खेप बरामद, एक युवक गिरफ्तार
बोकारो — बोकारो जिले में अवैध विदेशी शराब की तस्करी पर पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 55 बोतलें जब्त की हैं। यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई। हरला थाना पुलिस ने इस त्वरित ऑपरेशन में एक युवक को गिरफ्तार किया है, जिसके पास से ICONIQ WHITE ब्रांड की विदेशी शराब बरामद की गई।
पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी को सूचना मिली थी कि भतुआ की ओर से एक युवक मोटरसाइकिल पर विदेशी शराब लेकर आ रहा है। इसके बाद नगर पुलिस उपाधीक्षक के निर्देश पर हरला थाना प्रभारी अनिल कच्छप के नेतृत्व में कार्रवाई की गई।
हरला थाना की टाइगर मोबाइल टीम ने भतुआ रेलवे फाटक के पास चेकिंग अभियान शुरू किया। इसी दौरान मोटरसाइकिल संख्या JH09J0305 पर सवार युवक को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन वह भागने लगा। पीछा कर पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
गिरफ्तार युवक की पहचान सूरज कुमार उर्फ सुरज महतो (उम्र लगभग 27 वर्ष) के रूप में हुई है। वह वर्तमान में ग्राम करमाटाड़, सेक्टर 09 हटिया मोड़, थाना हरला, जिला बोकारो में रह रहा था। उसका स्थायी पता ग्राम तेलो देवानबांध, थाना चंद्रपुरा है।
तलाशी में उसके पास से 375 मिलीलीटर की ICONIQ WHITE ब्रांड की 55 बोतलें बरामद हुईं। जब उससे शराब से संबंधित वैध कागजात मांगे गए, तो वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका।
पुलिस ने सूरज कुमार को हरला थाना कांड संख्या 80/2025 के तहत भारतीय दंड संहिता (BNS) की धारा 274, 275, 292 एवं उत्पाद अधिनियम की धारा 47(ए) के तहत गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
पुलिस प्रशासन ने कहा है कि शराब तस्करों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।







