4 महीने का वेतन बकाया, ईएसआई-पीएफ की सुविधा से भी वंचित, हड़ताल की चेतावनी
बोकारो: बोकारो जिले में आउटसोर्सिंग कंपनी के माध्यम से कार्यरत स्वास्थ्य कर्मियों ने आज उपायुक्त कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन करते हुए चार महीने से लंबित वेतन भुगतान की मांग की। कर्मियों ने उपायुक्त को ज्ञापन सौंपते हुए चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो वे अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे।
प्रदर्शन कर रहे कर्मियों का कहना है कि न केवल वेतन में भारी विलंब हो रहा है, बल्कि न्यूनतम मजदूरी का भी पालन नहीं किया जा रहा। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि संबंधित ठेका कंपनियां न ईएसआई नंबर देती हैं और न ही पीएफ से संबंधित कोई सुविधा मुहैया कराती हैं।
कर्मियों ने बताया कि जब भी नई कंपनी ठेका लेती है, तो पुरानी समस्याएं जस की तस बनी रहती हैं और अधिकारियों द्वारा हमेशा कंपनियों का ही पक्ष लिया जाता है।
स्वास्थ्यकर्मियों का कहना है कि वे पहले भी कई बार प्रशासन को ज्ञापन सौंप चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। यदि अब भी उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया, तो वे व्यापक आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।







