गरगा–दामोदर नदी से लेकर शहरी वार्डों तक सफाई, 22 अप्रैल को भव्य वाकाथॉन और सम्मान समारोह
बोकारो, 8 अप्रैल: जिले में स्वच्छता को जन आंदोलन का रूप देने के उद्देश्य से 14 से 22 अप्रैल 2026 तक विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। इसको लेकर समाहरणालय सभागार में आयोजित बैठक में उपायुक्त अजय नाथ झा ने सभी विभागों और संगठनों को समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने कहा कि स्वच्छता केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी से मन, कर्म एवं परिवेश को स्वच्छ रखने का संकल्प लेने की अपील की।
इस अभियान में नगर निगम चास, नगर परिषद फुसरो, बीएसएल नगर प्रशासन, शिक्षा विभाग, स्वयंसेवी संस्थाएं और विभिन्न सामाजिक संगठन मिलकर भाग लेंगे। अभियान के तहत गरगा नदी, दामोदर नदी और तेनुघाट डैम सहित विभिन्न जल स्रोतों की सफाई के साथ-साथ शहरी क्षेत्रों और वार्डों में व्यापक सफाई अभियान चलाया जाएगा।
बैठक में ‘निर्माल’ (पूजा अवशेष) के उचित प्रबंधन के लिए विशेष प्रकोष्ठ बनाने और उससे अगरबत्ती निर्माण के जरिए स्वरोजगार बढ़ाने की योजना पर भी चर्चा हुई।
उपायुक्त ने आमजनों से श्रमदान के माध्यम से अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की।
अभियान के समापन पर 22 अप्रैल को भव्य स्वच्छता वाकाथॉन का आयोजन किया जाएगा, जिसमें उत्कृष्ट कार्य करने वाले संगठनों और कर्मियों को सम्मानित किया जाएगा।







