चास थाना क्षेत्र से 22 अप्रैल को गायब हुई 13 वर्षीय लड़की को पुलिस ने महाराष्ट्र से किया रेस्क्यू, शादी के इरादे से भगाने का आरोप
बोकारो जिले के चास थाना क्षेत्र से लापता हुई एक नाबालिग लड़की को पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
यह मामला 23 अप्रैल 2026 का है, जब अलकुसा निवासी वासुदेव शर्मा ने अपनी 13 वर्षीय बेटी के लापता होने की शिकायत चास थाना में दर्ज कराई थी। परिजनों के अनुसार, लड़की 22 अप्रैल को स्कूल जाने के नाम पर घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी।
जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि मुकेश महतो नामक व्यक्ति ने लड़की को बहला-फुसलाकर शादी की नीयत से अपने साथ भगा लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए चास थाना में कांड संख्या 39/2026 दर्ज किया गया और एक विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया।
तकनीकी जांच और सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने महाराष्ट्र के नवी मुंबई से 26 अप्रैल को नाबालिग लड़की को सकुशल बरामद कर लिया। इसके बाद 30 अप्रैल को लड़की को उसके परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।




