अंतरराष्ट्रीय नर्स दिवस 2025 पर मुस्कान हॉस्पिटल में नर्सों को किया गया सम्मानित
चास (बोकारो): दुनियाभर में 12 मई को फ्लोरेंस नाइटिंगेल की जयंती पर अंतरराष्ट्रीय नर्स दिवस मनाया जाता है। वर्ष 2025 के लिए इस दिवस की थीम थी “हमारी नर्स, हमारा भविष्य – नर्सों की देखभाल से अर्थव्यवस्था मजबूत होती है।”
इसी उपलक्ष्य में चास स्थित मुस्कान हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर में एक सादे लेकिन गरिमामय समारोह का आयोजन हुआ। इस अवसर पर अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. इरफान अंसारी, डॉ. शाहनवाज अनवर, डॉ. अवनीश श्रीवास्तव और डॉ. मनोज श्रीवास्तव की मौजूदगी रही।
कार्यक्रम की शुरुआत नर्सिंग इंचार्ज उत्तम खवास, संतोषी, पुष्पा, बसंती, रोशनतारा, निमाई आदि ने केक काटकर की। डॉक्टर एससी मुंशी ने सभी नर्सों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा, “नर्सिंग पेशा दया, सेवा और समर्पण का प्रतीक है। इनकी विशेषज्ञता और सहानुभूति अस्पताल को एक बेहतर कार्यस्थल बनाती है।”
डॉ. मुंशी ने नर्सिंग स्टाफ को नर्स दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अस्पताल नर्सों के योगदान को हमेशा सम्मान की दृष्टि से देखता है।







