ईसीआरकेयू ने 1974 की रेलवे हड़ताल के आंदोलनकारियों को किया नमन, पूरे हुए 51 गौरवशाली वर्ष
धनबाद, 8 मई 2025
1974 की ऐतिहासिक रेलवे हड़ताल को 51 वर्ष पूरे होने के अवसर पर ईस्ट सेंट्रल रेलवे कर्मचारी यूनियन (ECRKU) ने आज धनबाद में एक श्रद्धांजलि सभा आयोजित की। इस मौके पर यूनियन के अपर महामंत्री एवं AIRF वर्किंग कमिटी सदस्य मो. ज़्याऊद्दीन ने कहा, “1974 की हड़ताल भारतीय मजदूर आंदोलन का स्वर्णिम अध्याय है, जिसकी बदौलत आज रेलकर्मियों को बोनस जैसी सुविधा मिली।”
जार्ज फर्नांडीस के नेतृत्व में हुई यह हड़ताल आजाद भारत की सबसे बड़ी औद्योगिक कार्रवाई थी, जिसमें 8 लाख से अधिक रेल कर्मचारी शामिल हुए थे। आंदोलन को कुचलने के लिए भारी दमन हुआ, लेकिन कर्मचारियों के हौसले अडिग रहे। बाद में जनता सरकार ने सभी को बहाल किया और 1979 में बोनस की शुरुआत की गई।

AIRF के जोनल सेक्रेटरी ओ.पी. शर्मा ने कहा, “इस हड़ताल ने लोकतंत्र और मजदूर अधिकारों की रक्षा में नई ऊर्जा दी। आज भी हमें उसी जज्बे से एकजुट होने की जरूरत है।”
कार्यक्रम में महिला एवं युवा समितियों समेत सैकड़ों कर्मियों ने शहीद आंदोलनकारियों को श्रद्धांजलि अर्पित की।







