ट्रेजरी से अवैध निकासी मामले की समीक्षा, जांच दल गठन और सॉफ्टवेयर अपडेट पर जोर
बोकारो में ट्रेजरी से वेतन मद में अवैध निकासी के मामले को लेकर प्रशासन सख्त हो गया है। समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में उपायुक्त अजय नाथ झा ने संबंधित अधिकारियों के साथ अब तक की जांच और प्राप्त तथ्यों की विस्तृत समीक्षा की।
इस बैठक में पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीना और उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे। उपायुक्त ने पुलिस विभाग के लेखा शाखा की कार्यप्रणाली को अधिक पारदर्शी और सुदृढ़ बनाने पर जोर दिया।
उन्होंने निर्देश दिया कि पुलिस विभाग के लेखा शाखा को 01 अप्रैल 2026 से एक “आदर्श भुगतान कार्यालय” के रूप में विकसित किया जाए, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की वित्तीय अनियमितता की गुंजाइश न रहे।
डीसी ने बताया कि इस पूरे मामले की गहन जांच के लिए डीडीसी की अध्यक्षता में एक विशेष जांच दल का गठन किया गया है। यह दल सभी स्तरों पर जिम्मेदार व्यक्तियों की पहचान कर रिपोर्ट सौंपेगा।
इसके अलावा, ट्रेजरी में उपयोग किए जा रहे सॉफ्टवेयर को अपडेट करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। इसका उद्देश्य सिस्टम को इतना मजबूत बनाना है कि भविष्य में अवैध निकासी की संभावना पूरी तरह समाप्त हो सके।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और वित्तीय अनुशासन बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।







