बोकारो।: स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) के अंतर्गत संचालित बोकारो स्टील प्लांट के बोकारो जनरल हॉस्पिटल (BGH) में मंगलवार दोपहर आग लगने की घटना सामने आई। आग लगते ही हॉस्पिटल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंच कर स्थिति को नियंत्रित किया। किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है और सभी मरीज सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
कैसे लगी आग: जानिए घटना का विवरण
मंगलवार, दोपहर करीब 2:30 बजे, BGH के न्यू कैजुएल्टी विंग के पास स्थित एक अलग कमरे में लगे विंडो एयर कंडीशनर से अचानक धुआं उठने लगा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शॉर्ट सर्किट के कारण एसी में आग लगी, जिससे कैजुएल्टी वार्ड में धुआं भर गया।
हालात बिगड़ने से पहले ही BGH प्रबंधन ने सतर्कता दिखाते हुए वहां भर्ती चार मरीजों को अन्य वार्ड में सुरक्षित स्थानांतरित कर दिया।
तेज कार्रवाई से बची बड़ी घटना: फायर विंग ने पाया काबू
BSL के फायर विंग को सूचना मिलते ही तत्काल मौके पर भेजा गया। टीम ने तेज कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पा लिया।
सेल बीएसएल के जनसंपर्क विभाग ने कहा कि इस घटना में केवल विंडो एसी को नुकसान हुआ है। अस्पताल के किसी अन्य उपकरण या इमारत को कोई क्षति नहीं हुई है। सभी मरीज सुरक्षित हैं और वर्तमान में अस्पताल का संचालन सामान्य रूप से हो रहा है।







