सरायढेला पुलिस की त्वरित कार्रवाई, ₹4500 नकद, पर्स, मोबाइल और बाइक बरामद
धनबाद | 9 जून 2026
धनबाद में सरायढेला पुलिस ने महिला से पर्स झपटकर भाग रहे दो अपराधियों को फिल्मी अंदाज में पीछा कर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के पास से लूटा गया पर्स, नकदी, मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त बाइक भी बरामद कर ली है।
धनबाद के सरायढेला थाना क्षेत्र में हुई झपटमारी की घटना का पुलिस ने त्वरित खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। सरायढेला पुलिस की तत्परता और सक्रियता के कारण महिला का लूटा गया पर्स, नकदी और अन्य सामान सुरक्षित बरामद कर लिया गया।
महिला से पर्स छीनकर फरार हुए थे आरोपी
डीएसपी लॉ एंड ऑर्डर प्रकाश सोय ने बताया कि 8 जून 2026 की शाम करीब 4:40 बजे सरायढेला थाना प्रभारी मंजीत कुमार को सूचना मिली कि बिना नंबर की पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक एक महिला का पर्स छीनकर भाग रहे हैं।
पीड़िता जोशना देवी राजगंज थाना क्षेत्र के बगदाहा गांव की रहने वाली हैं। वह अपने ससुराल से वापस घर लौट रही थीं, तभी बाइक सवार अपराधियों ने उनका लेडीज पर्स झपट लिया और फरार हो गए।
पुलिस ने घेराबंदी कर किया पीछा
सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हो गई। थाना प्रभारी के निर्देश पर गश्ती दल ने आरोपियों के भागने वाले मार्ग पर घेराबंदी कर उनका पीछा शुरू किया। बलियापुर रोड के पास पीड़िता ने दोनों आरोपियों की पहचान कर ली, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी।
बाइक गिरते ही दबोचे गए आरोपी
भागने के दौरान सामने पुलिस पेट्रोलिंग वाहन देखकर आरोपी घबरा गए और उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। हादसे में दोनों घायल हो गए, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान करण कुमार वर्मा (22) और चंदू कुमार विश्वकर्मा (21) के रूप में हुई है। दोनों बलियापुर थाना क्षेत्र के बेलगड़िया निवासी हैं।
पुलिस ने उनके कब्जे से एक पल्सर एनएस-125 बाइक, लाल रंग का लेडीज पर्स, ₹4500 नकद और दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए हैं। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।




