जोगीडीह-बहियारडीह विवाद ने लिया हिंसक रूप, पुलिस वाहन पर पथराव, तीन लोग हिरासत में
धनबाद | 09 जून 2026
धनबाद के बाघमारा अनुमंडल में पानी की समस्या को लेकर दो गांवों के बीच विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। जोगीडीह और बहियारडीह गांव के लोगों के बीच हुई झड़प में फायरिंग, पथराव और भारी तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। पुलिस ने मौके से दो खोखा बरामद किए हैं और तीन लोगों को हिरासत में लिया है।
धनबाद जिले के बाघमारा अनुमंडल अंतर्गत सोनारडीह ओपी क्षेत्र में मंगलवार को पानी की समस्या को लेकर बड़ा विवाद सामने आया। जोगीडीह और बहियारडीह गांव के बीच शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया, जिससे पूरे इलाके में तनाव का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार, बहियारडीह क्षेत्र में कथित अवैध खनन गतिविधियों के कारण पानी की आपूर्ति प्रभावित होने का आरोप लगाया जा रहा है। इसी समस्या के विरोध में जोगीडीह गांव की महिलाओं ने सड़क जाम कर प्रदर्शन शुरू किया था। प्रदर्शन के दौरान दोनों गांवों के लोगों के बीच कहासुनी हुई, जो बाद में मारपीट, पथराव और फायरिंग तक पहुंच गई।
फायरिंग की घटना से मचा हड़कंप
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। बाघमारा एसडीपीओ अजीत कुमार विमल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में विपक्षी पक्ष की ओर से दो राउंड फायरिंग किए जाने की जानकारी मिली है। पुलिस ने घटनास्थल से दो खोखा भी बरामद किया है।
पुलिस वाहन पर पथराव, तीन हिरासत में
झड़प के दौरान कुछ महिलाओं द्वारा पुलिस वाहन पर पथराव किए जाने की भी सूचना है। इस घटना में बरोरा थाना की पेट्रोलिंग गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई और उसका शीशा टूट गया। पुलिस ने मामले में तीन लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।
इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। प्रशासन ने दोनों पक्षों की भूमिका की जांच शुरू कर दी है। साथ ही अवैध खनन के आरोपों की भी जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।




