नीलम हॉस्पिटल के पास शुरू हुई सुविधा, हजारों लोगों को मिलेगा सीधा लाभ
बोकारो | चास | 20 मई 2026
चास नगर क्षेत्र के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) द्वारा चास के भगवती कॉलोनी, वार्ड संख्या-18 में नया आधार सेवा केंद्र शुरू किया गया है। यह केंद्र नीलम हॉस्पिटल के समीप, ग्राउंड फ्लोर, प्लॉट संख्या 7710/7898 में संचालित हो रहा है।
नए आधार सेवा केंद्र के खुलने से अब चास और आसपास के लोगों को आधार कार्ड से जुड़े कार्यों के लिए दूर-दराज के केंद्रों का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा।
एक ही जगह मिलेंगी सभी आधार सेवाएं
इस केंद्र पर नए आधार नामांकन के साथ-साथ नाम, पता, मोबाइल नंबर, जन्मतिथि और बायोमेट्रिक अपडेट जैसी सभी जरूरी सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
यूआईडीएआई के डीपीओ शैलेन्द्र मिश्रा ने बताया कि बच्चों के आधार नामांकन, आधार डाउनलोड और प्रिंट की सुविधा भी केंद्र में उपलब्ध है। लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आधुनिक तकनीकी संसाधनों की व्यवस्था की गई है ताकि कम समय में कार्य पूरा हो सके।
लोगों से दलालों से बचने की अपील
विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि आधार से जुड़े किसी भी कार्य के लिए जरूरी दस्तावेजों के साथ अधिकृत आधार सेवा केंद्र पर ही पहुंचें। साथ ही दलालों से बचकर सीधे सरकारी सुविधा का लाभ उठाएं।
आसपास के हजारों लोगों को मिलेगा फायदा
नए आधार सेवा केंद्र के शुरू होने से चास वार्ड-18, भगवती कॉलोनी और आसपास के इलाकों के हजारों लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। अब लोगों का समय और खर्च दोनों बचेंगे।






