90 दिनों के विशेष कार्यक्रम में 30 महिला अधिकारी लेंगी भाग, IIM रांची, AIMA और MTI देंगे नेतृत्व प्रशिक्षण।
बोकारो | 19 जुलाई 2026 : बोकारो इस्पात संयंत्र (BSL) ने महिला अधिकारियों के नेतृत्व कौशल को नई ऊंचाई देने के लिए विशेष नेतृत्व विकास कार्यक्रम ‘तन्मात्रा’ की शुरुआत की है। 90 दिनों तक चलने वाले इस कार्यक्रम में 30 महिला अधिकारियों को नेतृत्व, डिजिटल परिवर्तन, परियोजना प्रबंधन और वित्तीय प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर प्रशिक्षण दिया जाएगा।
BSL में महिला नेतृत्व को नई दिशा देगा ‘तन्मात्रा’ कार्यक्रम
बोकारो इस्पात संयंत्र (BSL) के लर्निंग एंड डेवलपमेंट विभाग द्वारा महिला अधिकारियों के नेतृत्व कौशल को सशक्त बनाने के उद्देश्य से विशेष नेतृत्व विकास कार्यक्रम ‘तन्मात्रा’ का शुभारंभ किया गया। संस्कृत शब्द ‘तन्मात्रा’ से प्रेरित इस पहल का उद्देश्य महिला अधिकारियों को भविष्य की चुनौतियों के अनुरूप प्रभावी, सक्षम और दूरदर्शी नेतृत्व के लिए तैयार करना है।
30 महिला अधिकारियों का हुआ चयन
कार्यक्रम के पहले बैच में ई-4 से ई-7 ग्रेड की 30 महिला अधिकारियों का चयन उनके विभागाध्यक्षों की अनुशंसा के आधार पर किया गया है। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम लगभग 90 दिनों तक चलेगा और इसे आठ विषयगत मॉड्यूल में विभाजित किया गया है।
नेतृत्व से लेकर डिजिटल परिवर्तन तक मिलेगा प्रशिक्षण
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को संयंत्र संचालन, वित्तीय एवं वाणिज्यिक प्रबंधन, सामग्री प्रबंधन, कार्य-जीवन संतुलन, विभिन्न संयंत्रों का अध्ययन, गवर्नेंस, डिजिटल परिवर्तन और परियोजना प्रबंधन जैसे विषयों पर व्यावहारिक एवं विशेषज्ञ प्रशिक्षण दिया जाएगा।
IIM रांची सहित कई प्रतिष्ठित संस्थानों का मिलेगा सहयोग
कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए ऑल इंडिया मैनेजमेंट एसोसिएशन (AIMA), मैनेजमेंट ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट (MTI) रांची, IIM रांची तथा BSL के अनुभवी विषय विशेषज्ञ प्रशिक्षण प्रदान करेंगे। इससे प्रतिभागियों को उद्योग और प्रबंधन दोनों क्षेत्रों का व्यावहारिक अनुभव मिलेगा।
उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को मिलेगा सम्मान
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों का मूल्यांकन दो चरणों में किया जाएगा। प्रत्येक मॉड्यूल के बाद सतत मूल्यांकन होगा, जबकि अंतिम चरण में केस स्टडी प्रेजेंटेशन के आधार पर वरिष्ठ मूल्यांकन समिति प्रदर्शन का आकलन करेगी। कार्यक्रम का समापन ‘स्नातक एवं सम्मान समारोह’ के साथ होगा, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली महिला अधिकारियों को सम्मानित किया जाएगा।




