20% ठेका कर्मियों की छंटनी के विरोध में जनजागरण से लेकर चक्का जाम तक की चेतावनी
बोकारो, 8 अप्रैल: बोकारो स्टील प्लांट (BSL) में ठेका मजदूरों की संभावित छंटनी को लेकर विरोध तेज हो गया है। जय झारखंड मजदूर समाज ने इस फैसले के खिलाफ बड़े आंदोलन की घोषणा की है।
सेक्टर-9 स्थित कार्यालय में आयोजित बैठक में महामंत्री बीके चौधरी की अध्यक्षता में प्लांट के विभिन्न विभागों के मजदूर प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। बैठक में कहा गया कि प्रबंधन द्वारा 20 प्रतिशत ठेका कर्मियों की छंटनी के आदेश से मजदूरों में भय और आक्रोश का माहौल है।
🔴 आंदोलन की रणनीति तय
मजदूर संगठन ने स्पष्ट किया कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती के बाद हर विभाग में जनजागरण अभियान चलाया जाएगा। इसके बाद प्लांट गोलचक्कर से अधिशासी निदेशक (संकार्य) कार्यालय तक चेतावनी प्रदर्शन किया जाएगा।
यदि इसके बावजूद प्रबंधन ने निर्णय वापस नहीं लिया, तो हड़ताल नोटिस देकर प्लांट का चक्का जाम करने की चेतावनी दी गई है।
⚠️ मजदूरों की चिंता
बैठक में कहा गया कि वर्षों से उत्पादन में अहम योगदान देने वाले ठेका मजदूर आज अपने रोजगार को लेकर असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। मजदूरों का आरोप है कि मनीकट जैसी समस्याओं के बावजूद वे किसी तरह परिवार चला रहे हैं, ऐसे में छंटनी का फैसला उनके लिए बड़ा संकट बन सकता है।
बैठक में कई पदाधिकारी और मजदूर प्रतिनिधि मौजूद रहे, जिन्होंने एकजुट होकर आंदोलन को सफल बनाने का संकल्प लिया।







