बोकारो जिले में खेल संस्कृति को मजबूत बनाने और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से समाहरणालय स्थित गोपनीय कार्यालय कक्ष में जिला खेल संचालन समिति की बैठक आयोजित की गई। उपायुक्त (डीसी) अजय नाथ झा की अध्यक्षता में हुई बैठक में खेल गतिविधियों के विस्तार, प्रशिक्षण केंद्रों की स्थापना और खिलाड़ियों के स्वास्थ्य संबंधी विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
नए क्रीड़ा प्रशिक्षण केंद्रों की तैयारी
बैठक में चिन्मय विद्यालय, सेक्टर-5 स्थित डे-बोर्डिंग बालक बास्केटबॉल क्रीड़ा प्रशिक्षण केंद्र में प्रशिक्षक के रिक्त पद को भरने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। साथ ही जिले में एथलेटिक्स, फुटबॉल, खो-खो, कुश्ती और बैडमिंटन सहित अन्य खेलों के लिए नए डे-बोर्डिंग प्रशिक्षण केंद्र शुरू करने हेतु एक सप्ताह के भीतर प्रस्ताव तैयार करने को कहा गया।
विद्यालयों में खेल गतिविधियों को मिलेगा बढ़ावा
उपायुक्त ने जिला शिक्षा पदाधिकारी और जिला शिक्षा अधीक्षक को निर्देश दिया कि जिले के ऐसे विद्यालयों की पहचान की जाए जहां डे-बोर्डिंग या आवासीय क्रीड़ा प्रशिक्षण केंद्र संचालित किए जा सकते हैं। साथ ही विभिन्न खेलों को बढ़ावा देने के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया।
खिलाड़ियों के स्वास्थ्य और भोजन की होगी निगरानी
बैठक में खिलाड़ियों के स्वास्थ्य और पोषण को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। सिविल सर्जन को निर्देश दिया गया कि सभी आवासीय एवं एकलव्य प्रशिक्षण केंद्रों में खिलाड़ियों की मासिक स्वास्थ्य जांच सुनिश्चित की जाए। वहीं खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी को भोजन की गुणवत्ता की नियमित जांच करने के निर्देश दिए गए।
जून से दिसंबर तक बनेगा स्पोर्ट्स कैलेंडर
उपायुक्त ने जिला खेल पदाधिकारी को सभी खेल संघों के सहयोग से जून से दिसंबर तक का विस्तृत स्पोर्ट्स कैलेंडर तैयार करने का निर्देश दिया। इसमें प्रतिभा खोज अभियान, प्रशिक्षण शिविर, राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं को शामिल किया जाएगा।
इसके अलावा पंचायत स्तर के ज्ञान केंद्रों पर प्रमुख खेल प्रतियोगिताओं के लाइव प्रसारण की व्यवस्था सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया गया, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के युवा खेलों से जुड़ सकें और उनमें खेलों के प्रति रुचि बढ़े।