वेल्लोर गए बुजुर्ग के सूने घर में लाखों की चोरी, जेवरात समेत कीमती सामान ले उड़े चोर
बोकारो के चीरा चास थाना क्षेत्र में चोरी की एक बड़ी घटना सामने आई है। गांधाजोड़ निवासी करीब 60 वर्षीय विजय कुमार मिश्रा के सूने घर को निशाना बनाकर चोरों ने लाखों रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। घटना उस समय हुई जब गृहस्वामी पिछले तीन महीने से इलाज के लिए वेल्लोर में रह रहे थे।
जानकारी के अनुसार 14 जून की रात अज्ञात चोरों ने घर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और व्यवस्थित तरीके से पूरे घर को खंगाल डाला। अगले दिन सुबह जब विजय कुमार मिश्रा के छोटे भाई शिव नारायण मिश्रा घर पहुंचे तो मुख्य दरवाजा खुला देखकर उन्हें शक हुआ। अंदर जाने पर सभी कमरों के दरवाजे खुले मिले और सामान बिखरा पड़ा था।
आलमारी और लॉकर तोड़कर की चोरी
परिजनों के अनुसार चोरों ने घर की आलमारी और लॉकर को निशाना बनाया। घर से टीवी, इंडक्शन, इनवर्टर, कपड़े और अन्य कीमती सामान चोरी कर लिए गए। वहीं बक्सों को भी खंगाल दिया गया और घर का सामान अस्त-व्यस्त कर दिया गया।
लाखों के जेवरात पर हाथ साफ
परिवार का कहना है कि विजय कुमार मिश्रा की पत्नी और बहू के जेवरात भी चोरी हो गए हैं। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक चोरी गए जेवरों की कीमत करीब 7 से 10 लाख रुपये के बीच बताई जा रही है। नकद राशि और अन्य सामान के नुकसान का आकलन अभी किया जा रहा है।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही चीरा चास थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही चोरों की पहचान कर मामले का खुलासा किया जाएगा।
इस घटना के बाद इलाके के लोगों में भय और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से रात्रि गश्ती बढ़ाने और चोरों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।