स्त्री रोग विशेषज्ञों की टीम ने जटिल सर्जरी को दिया सफल अंजाम, ऑपरेशन के बाद मरीज की हालत स्थिर।
बोकारो | 12 जुलाई 2026 : बोकारो सदर अस्पताल के चिकित्सकों ने एक बड़ी चिकित्सकीय उपलब्धि हासिल करते हुए 52 वर्षीय महिला के गर्भाशय से लगभग 5.5 किलोग्राम वजनी विशाल यूटराइन फाइब्रॉइड को सफलतापूर्वक निकाल दिया।
जटिल ऑपरेशन विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने सुरक्षित तरीके से पूरा किया और मरीज की स्थिति फिलहाल पूरी तरह स्थिर बताई जा रही है।
बोकारो सदर अस्पताल में बड़ी सफलता, 5.5 किलोग्राम वजनी गर्भाशय फाइब्रॉइड का सफल ऑपरेशन
बोकारो के सदर अस्पताल ने एक बार फिर अपनी चिकित्सकीय क्षमता का परिचय देते हुए 52 वर्षीय महिला की जटिल शल्यक्रिया सफलतापूर्वक पूरी की। भारा बस्ती, चास निवासी महिला लंबे समय से गर्भाशय में बड़े यूटराइन फाइब्रॉइड की समस्या से परेशान थीं। आवश्यक जांच और चिकित्सकीय मूल्यांकन के बाद विशेषज्ञों ने एब्डॉमिनल हिस्टेरेक्टॉमी करने का निर्णय लिया।
विशेषज्ञ टीम ने सुरक्षित निकाला 5.5 किलो का फाइब्रॉइड
सदर अस्पताल की स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. रश्मि मेधा के नेतृत्व में ऑपरेशन किया गया। टीम में डॉ. पंकज सिन्हा तथा एनेस्थीसिया विशेषज्ञ डॉ. सौरभ शामिल थे। ऑपरेशन के दौरान लगभग 5.5 किलोग्राम वजनी विशाल यूटराइन फाइब्रॉइड को सफलतापूर्वक और सुरक्षित तरीके से निकाल लिया गया।
बिना किसी गंभीर जटिलता के पूरी हुई शल्यक्रिया
डॉ. रश्मि मेधा ने बताया कि पूरी सर्जरी के दौरान किसी प्रकार की गंभीर जटिलता नहीं आई। ऑपरेशन के बाद मरीज की स्थिति पूरी तरह स्थिर और संतोषजनक है। फिलहाल उन्हें चिकित्सकीय निगरानी में रखकर आवश्यक दवाइयां एवं उपचार दिया जा रहा है।
सिविल सर्जन ने दी पूरी टीम को बधाई
इस उल्लेखनीय सफलता पर सिविल सर्जन ने ऑपरेशन में शामिल सभी चिकित्सकों, एनेस्थीसिया विशेषज्ञ और स्वास्थ्यकर्मियों की टीम को बधाई देते हुए इसे सदर अस्पताल की बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि अस्पताल में लगातार बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में चिकित्सक पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहे हैं।




