उपायुक्त अजय नाथ झा ने तैयारियों की समीक्षा की, अफवाहों से बचने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील।
बोकारो | 14 जुलाई 2026 : बोकारो जिले में 15 जुलाई 2026 को सिविल डिफेंस एक्सरसाइज के तहत एयर रेड और ब्लैकआउट मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। शाम 7:03 बजे से 3 मिनट तक पूरे जिले में ब्लैकआउट रहेगा। उपायुक्त अजय नाथ झा ने स्पष्ट किया है कि यह केवल अभ्यास का हिस्सा है। लोगों से अफवाहों से बचने, घबराने की बजाय संयम बनाए रखने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।
15 जुलाई को शाम 7:03 बजे से 3 मिनट रहेगा ब्लैकआउट, प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी
बोकारो जिले में बुधवार 15 जुलाई 2026 को सिविल डिफेंस एक्सरसाइज के तहत एयर रेड एवं ब्लैकआउट मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। इसकी तैयारियों की समीक्षा उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी अजय नाथ झा ने समाहरणालय में आयोजित बैठक में की। बैठक में सिविल डिफेंस, पुलिस, स्वास्थ्य, विद्युत, आपदा प्रबंधन और जनसंपर्क विभाग सहित सभी संबंधित विभागों ने अपनी-अपनी मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) प्रस्तुत की।
शाम 7:03 बजे बजेगा सायरन, 3 मिनट रहेगा ब्लैकआउट
उपायुक्त ने बताया कि 15 जुलाई को शाम 7:03 बजे से अगले 3 मिनट तक पूरे बोकारो जिले में ब्लैकआउट रहेगा। यह केवल मॉक ड्रिल का हिस्सा है। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें, घबराएं नहीं और प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करें।
उषा पेट्रोल पंप और मेडिकेंट अस्पताल होंगे अभ्यास के केंद्र
मॉक ड्रिल का आयोजन उषा पेट्रोल पंप और मेडिकेंट अस्पताल, सेक्टर-12 में किया जाएगा। अभ्यास के दौरान एयर रेड, बम विस्फोट की काल्पनिक स्थिति, राहत एवं बचाव अभियान तथा आपातकालीन प्रतिक्रिया का प्रदर्शन किया जाएगा। संभावित आपदा की सूचना देने के लिए दो मिनट तक रुक-रुक कर सायरन बजेगा, जबकि अभ्यास समाप्त होने पर एक लंबा सायरन बजाकर खतरा समाप्त होने का संकेत दिया जाएगा।
कंट्रोल रूम, स्वास्थ्य और ट्रैफिक व्यवस्था रहेगी सक्रिय
मॉक ड्रिल के लिए कंट्रोल रूम स्थापित किया जाएगा, जहां उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक पूरी गतिविधि की निगरानी करेंगे। स्वास्थ्य विभाग को संभावित घायलों के उपचार के लिए अस्पतालों की एसओपी तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, पुलिस विभाग यातायात, भीड़ नियंत्रण और सुरक्षित निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करेगा।
जनजागरूकता अभियान भी चलेगा
जिला जनसंपर्क विभाग विभिन्न माध्यमों से लोगों को मॉक ड्रिल की जानकारी देगा, ताकि किसी प्रकार की अफरा-तफरी की स्थिति उत्पन्न न हो। मॉक ड्रिल का संचालन एसडीएम चास प्रांजल ढांढा और डीडीएमओ शक्ति कुमार करेंगे, जबकि संपूर्ण समन्वय उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार के जिम्मे रहेगा।




