चर्च रोड पर मानसिक रूप से अस्वस्थ व्यक्ति से ₹15,000 की लूट, CCTV से आरोपियों की पहचान
रांची: राजधानी रांची के चर्च रोड स्थित राधिका होटल के पास एक मानसिक रूप से अस्वस्थ व्यक्ति से लूटपाट की घटना सामने आई है। दिनांक 09 जून 2025 की रात्रि करीब 12 बजे, तीन युवकों ने मिलकर उस व्यक्ति से ₹15,000 नकद छीन लिए।
CCTV फुटेज से खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार
इस घटना का CCTV फुटेज वायरल होने के बाद वादी सरताज आलम, निवासी राईन मोहल्ला, थाना हिन्दपीड़ी, ने जब फुटेज देखा तो आरोपियों को पहचान लिया। उन्होंने 13 जून 2025 को हिन्दपीड़ी थाने में घटना की प्राथमिकी दर्ज कराई।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लगातार छापामारी अभियान चलाया, जिसके फलस्वरूप 14 जून को एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। उसके पास से ₹5,000 की नकदी बरामद की गई है।
अन्य आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी अभियान चला रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि बहुत जल्द शेष अभियुक्तों को भी पकड़ लिया जाएगा और न्यायिक प्रक्रिया के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।







