मजदूरों की मांगों के आगे झुकी कंपनी, जारंगडीह में काम पर लौटे मजदूर
बेरमो, बोकारो: सीसीएल कथारा प्रक्षेत्र की जारंगडीह परियोजना में आउटसोर्सिंग कंपनी NEPL के मजदूरों ने रविवार रात से कार्य बंद कर दिया था। उनकी मांगें थीं – वेतन भुगतान, सुरक्षा सामग्री और हाइपावर कमेटी के अनुसार वेतन वृद्धि।
हालात तब बिगड़े जब कंपनी ने सभी मजदूरों को टर्मिनेट करने की चेतावनी दी। इसके बाद साइट पर हाई वोल्टेज ड्रामा चला – कभी कार्य बंद, कभी जबरन शुरू कराने की कोशिश, तो कभी धमकी।
जारंगडीह पीओ बिनोद कुमार ने कई बार समझौते की कोशिश की, लेकिन स्थिति सामान्य नहीं हुई। अंततः बोकारो थर्मल थाना प्रभारी पिंकू कुमार यादव दल-बल के साथ पहुंचे और कंपनी व मजदूर प्रतिनिधियों की बैठक करवाई।
सोमवार को पीओ कार्यालय में थाना प्रभारी, कथारा ओपी प्रभारी, कंपनी अधिकारी व मजदूर नेता इस्लाम अंसारी समेत अन्य ने वार्ता की। कंपनी ने पहले संख्या कम करने की बात कही, जिस पर मजदूर भड़क गए। अंततः कंपनी ने मांगें मान लीं:
19 मई तक सभी मजदूरों को परिचय पत्र और सुरक्षा सामग्री दी जाएगी।
वेतन वृद्धि जून से लागू की जाएगी।
सभी मजदूर काम पर वापस लौटेंगे।
वार्ता में पीओ बिनोद कुमार, मैनेजर एसके यादव, कार्मिक पदाधिकारी सूर्यप्रताप कुमार, मजदूर नेता हीरालाल मांझी, इकबाल अंसारी, इस्लाम अंसारी सहित कई लोग शामिल रहे।







