चास: पुरुलिया रोड स्थित श्री श्री सनी ठाकुर बाड़ी में 52वां वार्षिक श्रावणी महोत्सव बड़े ही धार्मिक उत्साह और भक्ति भाव के साथ मनाया जा रहा है। महोत्सव के अंतर्गत आज शनिदेव की भव्य शोभायात्रा मंदिर परिसर से निकाली गई, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए।
उड़ीसा, बनारस और जमशेदपुर के कलाकारों ने पेश कीं भक्ति झांकियां
यह शोभायात्रा मंदिर से प्रारंभ होकर बाईपास रोड, चेकपोस्ट, मेन रोड, महावीर चौक होते हुए पुनः मंदिर परिसर में पहुंची। यात्रा में उड़ीसा, बनारस और जमशेदपुर से आए कलाकारों ने शिव तांडव, धार्मिक नृत्य, और विभिन्न आकर्षक झांकियों के माध्यम से भक्तों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
सैकड़ों श्रद्धालुओं की सहभागिता, महिला-पुरुषों ने लिया बढ़-चढ़कर हिस्सा
इस शोभायात्रा में स्थानीय श्रद्धालुओं के साथ-साथ दूरदराज से आए महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। धार्मिक जयघोषों, ढोल-नगाड़ों और भक्ति संगीत के साथ वातावरण भक्तिमय हो गया।
इस आयोजन को सफल बनाने में शनि सेवक मंडल की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिन्होंने पूरे उत्सव की व्यवस्था और संचालन किया।







