Home NEWS BOKARO डॉ. संजय कुमार बने न्यूरोट्रॉमा सोसाइटी ऑफ इंडिया के प्रेसिडेंट इलेक्ट, बोकारो...

डॉ. संजय कुमार बने न्यूरोट्रॉमा सोसाइटी ऑफ इंडिया के प्रेसिडेंट इलेक्ट, बोकारो चैंबर ऑफ कॉमर्स ने किया सम्मानित

0

जीवन में सकारात्मकता रखें- डॉ संजय कुमार

बोकारो: झारखंड के वरिष्ठ न्यूरो सर्जन डॉ. संजय कुमार को न्यूरोट्रॉमा सोसाइटी ऑफ इंडिया का प्रेसिडेंट इलेक्ट चुने जाने की ऐतिहासिक उपलब्धि पर बोकारो चैंबर ऑफ कॉमर्स ने उनका भव्य स्वागत एवं सम्मान किया।

इस अवसर पर चैंबर अध्यक्ष मनोज चौधरी ने कहा कि यह उपलब्धि न केवल डॉ. संजय की व्यक्तिगत सफलता है, बल्कि पूरे झारखंड के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि झारखंड के डॉक्टर अब राष्ट्रीय और वैश्विक मंच पर अपनी मजबूत पहचान बना रहे हैं। पूर्व अध्यक्ष संजय बैद ने बताया कि डॉ. संजय कुमार को राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर कई प्रतिष्ठित पुरस्कार प्राप्त हो चुके हैं। उन्होंने अनेक संस्थाओं को नेतृत्व प्रदान किया है और वर्तमान में भी कई संस्थाओं का संचालन कर रहे हैं। बैद ने विश्वास जताया कि डॉ. संजय का अनुभव बोकारो और पूरे झारखंड के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगा।

कार्यक्रम संयोजक मनोज भालोटिया ने कहा कि डॉ. संजय लगातार झारखंडवासियों को अपनी अनमोल चिकित्सा सेवाएं प्रदान कर रहे हैं।

सम्मान समारोह के दौरान डॉ. संजय कुमार ने कहा कि वे न्यूरोट्रॉमा और न्यूरोसर्जरी के क्षेत्र में नीति निर्माण और शैक्षणिक विकास को लेकर झारखंडवासियों के हित में कार्य करेंगे। उन्होंने राज्य में ट्रॉमा केयर सेवाओं को और अधिक आधुनिक एवं प्रभावशाली बनाने का संकल्प भी दोहराया।

डॉ. संजय ने आधुनिक जीवनशैली में योग और जैविक खेती के समावेश को ज़रूरी बताते हुए युवाओं को जंक फूड से बचने की सलाह दी। इससे पूर्व, शॉल ओढ़ाकर और पौधा भेंट कर उनका सम्मान किया गया। जैन मिलन के सचिव आलोक जैन ने भी उन्हें पौधा भेंट कर अभिनंदन किया और कहा कि डॉ. संजय की उपलब्धि अत्यंत प्रेरणादायक है।चैंबर महामंत्री राजकुमार जायसवाल ने बताया कि डॉ. संजय पूर्वी भारत के पहले न्यूरोसर्जन हैं जिन्हें यह प्रतिष्ठित पद प्राप्त हुआ है।

कार्यक्रम का संचालन मुकेश अग्रवाल ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन अजय लूंकड द्वारा प्रस्तुत किया गया।

इस विशेष अवसर पर शैलेन्द्र जायसवाल, बिनय सिंह, अनूप भालोटिया, प्रेम कुमार, अमरदीप, चंदन बांठिया, अंकित जैन, सिद्धार्थ चोरड़िया, राजेश पोद्दार, संतोष सिंह, कमलेश जायसवाल और अन्य सम्मानित गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

बोकारो चैंबर ऑफ कॉमर्स ने डॉ. संजय कुमार के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए कार्यक्रम का समापन किया।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version