रामगढ़ में राहुल दुबे गैंग का गुर्गा गिरफ्तार, 9 एमएम पिस्टल बरामद
रामगढ़: जिले में अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। रामगढ़ पुलिस ने कुख्यात राहुल दुबे गैंग के एक सक्रिय गुर्गे को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 9 एमएम का पिस्टल भी बरामद किया गया है।
पतरातू क्षेत्र में की गई इस कार्रवाई की जानकारी देते हुए एसडीपीओ राघवेंद्र शर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सोलिया गांव निवासी अनीश अंसारी अवैध हथियार के साथ घूम रहा है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने सोलिया गांव में छापेमारी कर अनीश अंसारी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान उसकी निशानदेही पर उसके घर से 9 एमएम का पिस्टल बरामद किया गया।
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि यह हथियार उसे राहुल दुबे गैंग के एक सदस्य द्वारा रखने के लिए दिया गया था। पुलिस के अनुसार, अनीश अंसारी के खिलाफ पहले से ही पतरातू थाना में मामला दर्ज है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और गैंग से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।







