रांची पुलिस की बड़ी कार्रवाई, लेवी लेने पहुंचे दो युवकों को दबोचा, उग्रवादी संगठन के पर्चे बरामद
रांची | 06 जून 2026
रांची पुलिस ने प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन पीएलएफआई (PLFI) के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 50 लाख रुपये की लेवी वसूली की साजिश को विफल कर दिया है। नगड़ी थाना क्षेत्र में दर्ज रंगदारी मामले की जांच के दौरान पुलिस ने लेवी की रकम लेने पहुंचे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से पीएलएफआई के पर्चे, मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार 22 मई 2026 को नगड़ी थाना क्षेत्र के साहेर गांव निवासी बजरंग महतो से पीएलएफआई के नाम पर 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। मामले में नगड़ी थाना कांड संख्या 84/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
तकनीकी निगरानी से मिली सफलता
वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) की देखरेख में पुलिस उपाधीक्षक अजय आर्यन के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। तकनीकी शाखा और खुफिया सूचना के आधार पर पुलिस को जानकारी मिली कि लेवी की रकम लेने के लिए अपराधी तुपुदाना स्थित सफायर स्कूल, बारहमाइल चौक के पास पहुंचने वाले हैं।
मोटरसाइकिल पर पहुंचे थे आरोपी
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर लाल रंग की अपाचे मोटरसाइकिल पर पहुंचे दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उनकी पहचान अरुण लोहरा (19) और सूरज लोहरा (18) के रूप में हुई। दोनों खूंटी जिले के बेलवादाग गांव के निवासी हैं।
पीएलएफआई के पर्चे बरामद
तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से पीएलएफआई संगठन से संबंधित दो पर्चे बरामद हुए। पूछताछ में दोनों ने लेवी की रकम लेने आने की बात स्वीकार की है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी है। वहीं मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।




