पिंडराजोरा में सघन वाहन जांच अभियान, 35 वाहनों से 4.25 लाख का जुर्माना वसूला
बोकारो: राष्ट्रीय राज्यमार्ग 32 पर पिंडराजोरा थाना क्षेत्र में जिला परिवहन पदाधिकारी (डीटीओ) मारुति मिंज के नेतृत्व में आज सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान 35 वाहनों से 4 लाख 25 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया।
उपायुक्त के निर्देश पर चला अभियान
यह अभियान सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में उपायुक्त अजय नाथ झा द्वारा दिए गए निर्देश के आलोक में आयोजित किया गया। डीटीओ मारुति मिंज ने बताया कि अभियान के दौरान मोटरवाहन अधिनियम के उल्लंघन पर कठोर कार्रवाई की गई।
97 वाहनों की जांच, 35 पर कार्रवाई
डीटीओ टीम ने कुल 97 वाहनों की जांच की। इसमें फिटनेस सर्टिफिकेट, रिफ्लेक्टिव टेप, ओवरलोडिंग, इंश्योरेंस फेल और टैक्स फेल की स्थिति में 35 वाहनों से जुर्माना वसूला गया।
हेलमेट और सीट बेल्ट पर सख्ती
चास प्रखंड के आईटीआई मोड़ समेत कई चौक-चौराहों पर दोपहिया और चारपहिया वाहनों की जांच की गई। इस दौरान दोपहिया चालकों को हेलमेट लगाने और चारपहिया चालकों को सीट बेल्ट लगाने का सख्त निर्देश दिया गया। साथ ही रजिस्ट्रेशन, प्रदूषण जांच, लाइसेंस और रिफ्लेक्टिव टेप आदि की भी जांच की गई।
अधिकारियों की मौजूदगी
जांच अभियान में मोटरवाहन निरीक्षक, जिला सड़क सुरक्षा समिति के सदस्य सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।







