जामताड़ा: जामताड़ा पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक राजकुमार मेहता को मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस निरीक्षक जयन्त तिर्की के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। इस टीम ने बिन्दापाथर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मधसा जंगल के पास छापेमारी कर एक साइबर अपराधी फुचन राय (उम्र 25 वर्ष) को गिरफ्तार किया है।
फुचन राय, ग्राम जामदेही, थाना बिन्दापाथर, जिला जामताड़ा का निवासी है। उसके पास से 2 मोबाइल फोन और 2 सिम कार्ड बरामद किए गए हैं। प्राथमिक जांच में सामने आया कि वह फर्जी मोबाइल और सिम का उपयोग करके लोगों से ठगी करता था।
कैसे करता था साइबर ठगी का जाल तैयार
गिरफ्तार अपराधी Komparify एप के जरिए PhonePe पर ₹999 का कैशबैक मैसेज भेजता था। ग्राहकों को उस मैसेज को एक्सेप्ट करने के लिए उकसाया जाता था। जैसे ही ग्राहक लिंक स्वीकार करता, पैसा सीधे आरोपी के Komparify खाते में पहुंच जाता।
इसके बाद वह गिफ्ट कार्ड खरीदकर उन्हें कमीशन पर बेच देता था। आरोपी की साइबर ठगी की गतिविधियाँ पश्चिम बंगाल, बिहार और असम तक फैली हुई थीं।
इन धाराओं में दर्ज हुआ केस
फुचन राय के खिलाफ जामताड़ा साइबर थाना कांड संख्या 47/25, दिनांक 28.06.2025 के तहत BNS 2023, IT एक्ट और टेलीकम्युनिकेशन एक्ट 2023 की धाराओं में केस दर्ज किया गया है:
111(2)(b), 317(2), 317(5), 318(4), 319(2), 336(3), 338, 340(2) – BNS 2023
66(B), 66(C), 66(D) – IT ACT
42(3)(e) – TELECOMMUNICATIONS ACT 2023
पुलिस ने बताया कि आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जा रहा है।
एसपी राजकुमार मेहता का बयान
एसपी राजकुमार मेहता ने कहा,
“साइबर अपराधियों के खिलाफ हमारी सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। हम किसी भी हालत में ऐसे अपराधियों को बख्शेंगे नहीं। आम लोगों से अपील है कि वे साइबर ठगी के प्रति सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।”
📌 सारांश
एक साइबर ठग गिरफ्तार, दो मोबाइल व सिम जब्त
₹999 कैशबैक मैसेज के जरिए ठगी करता था
गिफ्ट कार्ड खरीदकर कमीशन पर बेचता था
केस दर्ज, जांच जारी
यदि आपको कोई फर्जी लिंक या संदिग्ध संदेश मिले, तो तुरंत नजदीकी साइबर थाना या 1903 पर कॉल करें।








