Home NEWS BOKARO प्रखंडों के खराब प्रदर्शन पर डीडीसी ने जताई नाराज़गी, योजनाओं में तेजी...

प्रखंडों के खराब प्रदर्शन पर डीडीसी ने जताई नाराज़गी, योजनाओं में तेजी लाने का निर्देश

0

15वें वित्त आयोग, मनरेगा, पीएम आवास योजनाओं की समीक्षा बैठक समाहरणालय में संपन्न

बोकारो: बुधवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में उप विकास आयुक्त (डीडीसी) शताब्दी मजूमदार की अध्यक्षता में सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों (बीडीओ) और प्रखंड प्रमुखों के साथ संयुक्त समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य 15वें वित्त आयोग की योजनाओं, मनरेगा, और प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत जारी कार्यों की प्रगति का मूल्यांकन करना था।


प्रखंडों का प्रदर्शन निराशाजनक, डीडीसी ने जताई चिंता

बैठक के दौरान डीडीसी ने कहा कि कई प्रखंडों का प्रदर्शन बेहद असंतोषजनक है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि विकास कार्यों में तेजी लाने के लिए बीडीओ और प्रखंड प्रमुखों के बीच सकारात्मक समन्वय आवश्यक है। आपसी मतभेद को भुलाकर सभी को एकजुट होकर योजनाओं को पूर्ण करने पर जोर दिया गया।


मनरेगा में मानव दिवस सृजन पर विशेष ध्यान

डीडीसी ने मनरेगा के तहत मानव दिवस सृजन में अपेक्षित प्रगति न होने पर चिंता जताई। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि परियोजनाएं समयबद्ध तरीके से शुरू और पूर्ण हों ताकि मजदूरों को रोजगार मिले और आंकड़ों में सुधार हो।


लंबित पीएम आवास व अबुआ आवासों को शीघ्र करें पूर्ण

प्रधानमंत्री आवास योजना (PMAY) और अबुआ आवास योजना (AAY) के तहत लंबित और अपूर्ण आवासों की भी गहन समीक्षा की गई। डीडीसी ने निर्देश दिया कि ऐसे सभी मामलों की सूची तैयार कर त्वरित कार्रवाई की जाए। रोजगार सेवक व प्रखंड समन्वयक को इनकी प्रतिदिन मॉनिटरिंग करने का आदेश दिया गया।


एनएलएम टीम के दौरे की संभावना, कागजात रखें अद्यतन

बैठक के दौरान यह भी बताया गया कि जिले में जल्द ही राष्ट्रीय लेवल मॉनिटरिंग (NLM) टीम का दौरा संभावित है। इसको लेकर सभी प्रखंडों को निर्देशित किया गया कि कागजी और भौतिक प्रगति को अद्यतन रखें और फील्ड स्तर पर सभी तैयारियां पूर्ण कर लें।


बैठक में जिले के सभी बीडीओ, प्रखंड प्रमुख, रोजगार सेवक, समन्वयक समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version