12वें वेतन समझौते में देरी से नाराज मजदूर, 30 जून को महाप्रबंधक कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन की घोषणा
कथारा (बोकारो) | 25 जून 2026
सीसीएल कथारा कोलियरी में 12वें वेतन समझौते को शीघ्र लागू करने की मांग को लेकर मजदूरों ने अपनी आवाज बुलंद कर दी है। भारतीय मजदूर संघ से संबद्ध सीसीएल कोलियरी कर्मचारी संघ द्वारा कथारा कोलियरी के कैंटीन परिसर के समक्ष प्रथम पाली में पीट मीटिंग आयोजित की गई। बैठक में बड़ी संख्या में श्रमिकों ने भाग लिया और वेतन समझौते में हो रही देरी पर नाराजगी व्यक्त की।
मजदूर नेताओं ने कहा कि लंबे समय से 12वें वेतन समझौते का इंतजार किया जा रहा है, लेकिन अब तक इसे लागू नहीं किया गया है। इससे कर्मचारियों में असंतोष बढ़ता जा रहा है। श्रमिकों ने सरकार और प्रबंधन से जल्द से जल्द समझौते को लागू करने की मांग की।
25 जून से 30 जून तक चलेगा जन-जागरूकता अभियान
पीट मीटिंग को संबोधित करते हुए केंद्रीय कार्यकारी अध्यक्ष दिलीप कुमार, केंद्रीय संगठन मंत्री सह वेलफेयर बोर्ड सदस्य रामेश्वर मंडल तथा श्रमिक नेता कृष्णा बहादुर ने संयुक्त रूप से बताया कि 25 जून से 30 जून तक सभी एरिया कार्यालयों में गेट मीटिंग एवं पीट मीटिंग के माध्यम से जन-जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य श्रमिकों को उनके अधिकारों और 12वें वेतन समझौते की वर्तमान स्थिति से अवगत कराना है।
30 जून को होगा जोरदार प्रदर्शन
नेताओं ने घोषणा की कि आगामी 30 जून को सीसीएल कथारा महाप्रबंधक कार्यालय के समक्ष व्यापक प्रदर्शन किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान प्रबंधन को मांग पत्र भी सौंपा जाएगा। साथ ही जेबीसीसीआई-12 के गठन और वेतन समझौते को जल्द अंतिम रूप देने की मांग को लेकर आंदोलन को और तेज करने का निर्णय लिया गया है।
श्रमिक नेताओं ने कहा कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक पहल नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। पीट मीटिंग में उपस्थित कर्मचारियों ने एकजुट होकर संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।




