वसुंधरा कॉलोनी के अलीशा अपार्टमेंट में 5 लाख की चोरी, पुलिस जांच में जुटी
बोकारो: बोकारो जिले के चीरा चास थाना क्षेत्र स्थित वसुंधरा कॉलोनी के अलीशा अपार्टमेंट में आज सुबह एक बड़ी चोरी की घटना सामने आई है, जिसने स्थानीय निवासियों को दहशत में डाल दिया है।
घटना की जानकारी देते हुए पीड़ित गुंजन कुमार सिंह ने बताया कि वह घर में अकेले थे और उनके परिवार के सदस्य गर्मी की छुट्टियों में बाहर गए हुए थे। सुबह करीब 6:00 बजे वे मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे और घर में ताला लगाकर गए थे।
जब वे 8:30 बजे लौटे, तो देखा कि मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ था और दरवाजा खुला पड़ा था। घर के भीतर जाने पर उन्हें अलमारी खुली मिली और सारा सामान बिखरा हुआ था।
5 लाख की संपत्ति पर हाथ साफ, कुछ सामान छोड़ गए चोर
गुंजन कुमार सिंह के अनुसार, चोर उनके घर से लगभग 5 लाख के सोने के गहने और नकदी लेकर फरार हो गए। हालांकि जल्दबाजी में चोर कुछ चांदी के बर्तन और एक मोबाइल बॉक्स में रखे 25,000 छोड़ गए।
पुलिस कर रही है सीसीटीवी फुटेज की जांच
घटना की सूचना मिलते ही चीरा चास थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, जिससे अपराधियों की पहचान की जा सके।
स्थानीय लोगों में बढ़ी चिंता
इलाके में हुई इस चोरी की घटना से स्थानीय लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ गई है। निवासियों ने पुलिस से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और सुरक्षा इंतजाम मजबूत करने की मांग की है।







