बोकारो स्टील प्लांट (बीएसएल) अपने टाउनशिप क्षेत्र में नागरिक सुविधाओं और आधारभूत संरचना को मजबूत करने के लिए व्यापक विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ा रहा है। बीएसएल द्वारा टाउनशिप की मुख्य, आंतरिक एवं परिधीय सड़कों की मरम्मत और उन्नयन का कार्य लगातार किया जा रहा है।
हाल ही में सेक्टर 2सी, 2बी, 3ए, 3बी, 4जी, 6ए, 9ए और 9डी में लगभग 15 किलोमीटर सड़कों की मरम्मत अत्याधुनिक माइक्रो-सर्फेसिंग तकनीक से की गई है। वहीं सेक्टर 2ए, 2बी, 2सी, 2डी, 3सी, 3डी, 5डी, 8बी, 9बी, 9डी, 11सी और 11डी में करीब 11 किलोमीटर सड़कों का मरम्मत कार्य भी पूरा कर लिया गया है।
आवासीय भवनों का सौंदर्यीकरण और रखरखाव
निवासियों को बेहतर आवासीय वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सेक्टर 8ए और 11ए में भवनों की बाहरी मरम्मत का कार्य जारी है। बीते दो वर्षों में विभिन्न सेक्टरों के 800 से अधिक आवासीय ब्लॉकों में बाहरी मरम्मत और रखरखाव का कार्य पूरा किया जा चुका है। चालू वित्तीय वर्ष के अंत तक 500 अतिरिक्त ब्लॉकों में भी यह कार्य पूरा करने की योजना है।
बिजली आपूर्ति होगी और मजबूत
टाउनशिप में निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए सेक्टर 4ए और सेक्टर 9 में दो नए विद्युत उपकेंद्र स्थापित किए गए हैं। इसके साथ ही बीएसएल द्वारा अब तक कुल नौ विद्युत उपकेंद्र स्थापित किए जा चुके हैं। भविष्य में तीन और नए उपकेंद्र स्थापित करने की योजना है।
स्मार्ट लाइटिंग से ऊर्जा संरक्षण
ऊर्जा दक्षता बढ़ाने के लिए प्रमुख मार्गों और आर्टेरियल सड़कों पर स्मार्ट लाइटिंग कंट्रोल सिस्टम लगाए गए हैं। इसके अलावा एलईडी स्ट्रीट लाइट्स भी स्थापित की गई हैं, जिससे बेहतर रोशनी के साथ ऊर्जा की बचत सुनिश्चित हो रही है।
बीएसएल प्रबंधन का कहना है कि टाउनशिप के समग्र विकास, बेहतर जीवन स्तर और आधुनिक सुविधाओं के विस्तार के लिए भविष्य में भी विकास कार्य जारी रहेंगे।