स्टेशन क्षेत्र में असामाजिक तत्वों और कथित उत्पीड़न के खिलाफ सैकड़ों राइडर्स की बाइक रैली
बोकारो | 03 जून 2026
बोकारो में रोजगार और सुरक्षा से जुड़े मुद्दों को लेकर रैपिडो राइडर्स ने एकजुट होकर अपनी आवाज बुलंद की। मंगलवार को जिले में कार्यरत सैकड़ों रैपिडो कैप्टनों ने बाइक रैली निकालकर समाहरणालय पहुंचते हुए उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा। राइडर्स ने स्टेशन क्षेत्र में सुरक्षा सुनिश्चित करने और असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
रैपिडो राइडर्स का कहना है कि वे अपने परिवार का भरण-पोषण करने के लिए ईमानदारी से काम करते हैं, लेकिन बोकारो रेलवे स्टेशन और उसके आसपास के इलाकों में उन्हें लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि कुछ ऑटो चालकों और ऑटो एसोसिएशन से जुड़े लोग उन्हें यात्रियों को लेने से रोकते हैं और उनके साथ अभद्र व्यवहार करते हैं।
राइडर्स ने दावा किया कि कई मौकों पर उनसे बाइक की चाबी छीनने, गाली-गलौज करने, मारपीट करने और नुकसान पहुंचाने की धमकियां भी दी गई हैं। इन घटनाओं से राइडर्स के बीच भय और असुरक्षा का माहौल बन गया है, जिससे उनका कामकाज प्रभावित हो रहा है।
प्रदर्शन में शामिल रैपिडो कैप्टनों ने कहा कि वे कानून के दायरे में रहकर अपना काम करना चाहते हैं, लेकिन लगातार हो रही परेशानियों के कारण उनका रोजगार संकट में पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से स्टेशन क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।
राइडर्स द्वारा सौंपे गए ज्ञापन की प्रतिलिपि पुलिस अधीक्षक और स्टेशन मास्टर को भी भेजी गई है। अब सभी की नजर प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी है। रैपिडो राइडर्स को उम्मीद है कि जल्द ही उन्हें सुरक्षित और भयमुक्त वातावरण मिलेगा, ताकि वे अपने परिवारों के लिए सम्मानजनक ढंग से रोजगार जारी रख सकें।




