Home NEWS BOKARO बोकारो की जनता को दिग्भ्रमित कर रही हैं विधायक श्वेता सिंह :...

बोकारो की जनता को दिग्भ्रमित कर रही हैं विधायक श्वेता सिंह : कुमार अमित

0

भाजपा नेता कुमार अमित का आरोप

बोकारो: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य कुमार अमित ने कांग्रेस विधायक श्वेता सिंह पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वह बोकारो की जनता, विशेषकर विस्थापित समाज, को दिग्भ्रमित कर औद्योगिक माहौल बिगाड़ने का प्रयास कर रही हैं।

कुमार अमित ने मीडिया को जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि विधायक श्वेता सिंह के हालिया क्रियाकलापों से बोकारोवासी अचंभित हैं।


उपायुक्त को पहले बधाई, फिर विरोध

भाजपा नेता ने कहा कि 7 अगस्त को बोकारो उपायुक्त ने डिपीएलआर के साथ बैठक कर सेल की अधिग्रहीत भूमि का पंजी-2 में म्यूटेशन कराने और शेष विस्थापित गाँवों को पंचायत का दर्जा देने का निर्देश दिया। अगले ही दिन विधायक श्वेता सिंह ने उपायुक्त को गुलदस्ता देकर इस फैसले की सराहना की और श्रेय भी लिया।

लेकिन अब वही विधायक उपायुक्त के इसी निर्देश के विरोध में महासंग्राम का आह्वान कर रही हैं। कुमार अमित ने सवाल उठाया कि “20 दिनों में ऐसा क्या बदल गया कि पहले बधाई देने वाली विधायक अब आंदोलन का झंडा उठा रही हैं?”


“जनप्रतिनिधि को समाज को दिशा देनी चाहिए, न कि दिग्भ्रमित करना”

कुमार अमित ने कहा कि विस्थापित समाज आज असमंजस की स्थिति में है। विधायक के विरोधाभासी रुख से जनता गुमराह हो रही है। उन्होंने कहा कि अगर वास्तव में उपायुक्त का निर्णय विस्थापितों के हित में नहीं है, तो विधायक को यह विषय विधानसभा में उठाना चाहिए और अपनी ही सरकार से सुदृढ़ विस्थापन एवं पुनर्वास नीति लागू करवानी चाहिए।


औद्योगिकीकरण पर पड़ा असर

भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि ऐसे विरोधाभासी रवैये के कारण ही बोकारो स्टील प्लांट का विस्तारीकरण और आधुनिकीकरण कार्य प्रभावित हुआ है। उन्होंने कहा कि औद्योगिकीकरण से ही बोकारो के विकास को गति मिलेगी और विस्थापितों सहित स्थानीय युवाओं को रोजगार प्राप्त होगा।

उन्होंने विस्थापित समाज से अपील की कि वे विधायक के बहकावे में न आएं और अपने हित-अहित का फैसला खुद करें।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version