बोकारो रामायण मंडली का भक्ति जागरण एवं भंडारा कार्यक्रम भव्यता से सम्पन्न
बोकारो: चंचली माई मंदिर परिसर में बोकारो रामायण मंडली द्वारा आयोजित वार्षिक भक्ति जागरण एवं भंडारा कार्यक्रम रविवार को भव्यता के साथ सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लिया और भक्ति संगीत, संकीर्तन तथा प्रसाद ग्रहण कर आध्यात्मिक आनंद प्राप्त किया।
हर वर्ष की भांति इस बार भी मंडली के कलाकारों – रामायण शर्मा, सुनील सिंह, भरत राय ग्रुप – ने हिंदी और भोजपुरी भक्ति गीतों की शानदार प्रस्तुति देकर पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
इस कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि श्री करणी सेना झारखंड प्रदेश अध्यक्ष, राष्ट्र भक्त समाज के केन्द्रीय अध्यक्ष एवं बोकारो जिला कुश्ती संघ के अध्यक्ष धर्मवीर सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने चंचली माई मंदिर में पूजा-अर्चना कर बोकारोवासियों के सुख-समृद्धि की कामना की।
मंदिर के मुख्य पुजारी पंडित गोपाल बाबा ने धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराया। कार्यक्रम संयोजक शैलेन्द्र कुमार भारती ने अंगवस्त्र भेंटकर धर्मवीर सिंह समेत सभी गणमान्य अतिथियों एवं कलाकारों का स्वागत सम्मान किया।
🕉️ धार्मिक आयोजनों से आती है पवित्रता: धर्मवीर सिंह
अपने संबोधन में धर्मवीर सिंह ने कहा—
“धार्मिक आयोजनों से समाज में पवित्रता, आत्मीयता और सकारात्मकता का संचार होता है। भक्ति संगीत एवं हरी नाम संकीर्तन में अपार शक्ति होती है। जहां ऐसे आयोजन होते हैं, वहां समृद्धि एवं शांति का वास होता है। सनातन धर्म-संस्कृति एवं इसकी महान मान्यताओं से ही विश्व कल्याण सम्भव है।”
कार्यक्रम में पंकज कुमार ने सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर देवकुमार राय, अखिलेश सिंह, सुजीत कुमार सिंह, अमिताभ गुप्ता, वरुण पासवान, संजय कुमार, बादल पांडेय, अनंत कुमार, आलोक रंजन समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
