मंजूर अंसारी की पहल, सभी दलों को साथ लाकर एयरपोर्ट संचालन के लिए आंदोलन की तैयारी
बोकारो में हवाई अड्डे से उड़ान सेवा शुरू नहीं होने को लेकर अब राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। इस मुद्दे पर अलग-अलग राजनीतिक दल सक्रिय हो गए हैं और इसे लेकर बयानबाजी भी शुरू हो चुकी है।
हाल ही में धनबाद के भाजपा सांसद ढुल्लू महतो द्वारा धनबाद में एयरपोर्ट निर्माण की मांग को लेकर धरना दिए जाने के बाद यह मुद्दा और गरमा गया है। इसी बीच बोकारो में भी एयरपोर्ट संचालन को लेकर नई पहल सामने आई है।
कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेश अध्यक्ष मंजूर अंसारी ने “हवाई अड्डा बचाओ संघर्ष समिति” के बैनर तले 2 मई को बोकारो एयरपोर्ट गेट के सामने धरना देने की घोषणा की है। उन्होंने बोकारो सर्किट हाउस में मीडिया से बातचीत करते हुए इसकी जानकारी दी।
मंजूर अंसारी ने स्पष्ट किया कि यह आंदोलन किसी एक राजनीतिक दल का नहीं होगा, बल्कि इसमें सभी दलों और जनप्रतिनिधियों को शामिल होने का आमंत्रण दिया गया है। उनका कहना है कि बोकारो एयरपोर्ट का संचालन पूरे क्षेत्र के विकास के लिए मील का पत्थर साबित होगा।
उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार से अपील की कि एयरपोर्ट संचालन में आ रही बाधाओं को मिलकर दूर किया जाए। साथ ही प्रशासनिक स्तर पर भी तेजी लाने की जरूरत बताई।
बोकारो जैसे औद्योगिक क्षेत्र में एयर कनेक्टिविटी शुरू होने से व्यापार, निवेश और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। ऐसे में अब यह देखना अहम होगा कि 2 मई का प्रस्तावित धरना इस मुद्दे को कितनी मजबूती से आगे बढ़ाता है।







