बोकारो: बालीडीह थाना क्षेत्र के इंडस्ट्रियल एरिया स्थित शिवप्रिया इस्पात उद्योग में शनिवार को एक बड़ा हादसा हो गया। फैक्ट्री के धमन भट्ठी में अचानक हुए जोरदार विस्फोट में दो मजदूर — लखन टुडू और अखिल कुमार गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे के तुरंत बाद दोनों को बोकारो जनरल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।
मजदूरों पर गिरा गर्म लोहा, सुरक्षा में लापरवाही
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विस्फोट के बाद धमन भट्टी से उछला गर्म लोहा सीधे मजदूरों पर जा गिरा, जिससे वे बुरी तरह से झुलस गए। इस हादसे ने फैक्ट्री प्रबंधन की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है, जहां न तो सुरक्षा मानकों का पालन हो रहा है और न ही आपातकालीन स्थितियों से निपटने की तैयारी है।
जर्जर प्लांट और विभागीय लापरवाही पर उठे सवाल
झारखंड मुक्ति मोर्चा महानगर अध्यक्ष मंटू यादव ने घटना के बाद कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि इंडस्ट्रियल एरिया के अधिकांश प्लांट जर्जर स्थिति में हैं और मजदूरों की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। उन्होंने फैक्ट्री इंस्पेक्टर की भूमिका पर भी सवाल खड़े किए और कहा कि “इतने बड़े हादसे के बावजूद फैक्ट्री का गेट न खोलना किसी गंभीर साजिश की ओर इशारा करता है।”
मांग: दोषियों पर कार्रवाई और फैक्ट्री सील करने की अपील
मंटू यादव ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसी खस्ताहाल फैक्ट्रियों को सील किया जाए और दोषी प्रबंधन व संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई हो। उन्होंने कहा कि अगर समय रहते कड़े कदम नहीं उठाए गए, तो मजदूरों की जान पर खतरा और बढ़ सकता है।
