झारखंड विश्वविद्यालय विधेयक 2025 के विरोध में आजसू छात्र संघ का प्रदर्शन
बोकारो: झारखंड विधानसभा में पारित झारखंड विश्वविद्यालय विधेयक 2025 को लेकर आजसू छात्र संघ ने कड़ा विरोध जताया है। इस नए विधेयक के तहत राज्य के विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में अब छात्रसंघ चुनाव नहीं होंगे। इसके स्थान पर कुलपति अपनी पसंद के छात्रों को नामित कर छात्र प्रतिनिधियों की नियुक्ति करेंगे।
लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन: आजसू छात्र संघ
आजसू छात्र संघ का कहना है कि यह फैसला छात्रों के लोकतांत्रिक अधिकारों पर सीधा प्रहार है। संगठन का मानना है कि इस विधेयक से छात्रों की नेतृत्व क्षमता और छात्र राजनीति दोनों पर अंकुश लगेगा।
“छात्रों की आवाज़ कुचलने का प्रयास” – बबलू महतो
आजसू छात्र संघ के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष बबलू महतो ने कहा,
“यह विधेयक छात्रों की आवाज़ को कुचलने का प्रयास है। विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में छात्रों के अधिकारों का हनन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। लोकतंत्र की हत्या करने वाले इस तानाशाही निर्णय के खिलाफ हमारी लड़ाई जारी रहेगी।”
विरोध प्रदर्शन का आयोजन
विधेयक के खिलाफ आजसू छात्र संघ ने विरोध प्रदर्शन आयोजित किया। इस कार्यक्रम का नेतृत्व प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष बबलू महतो ने किया। मौके पर जिला सचिव बंकू बिहारी सिंह, संगठन सचिव चास नगर राजेश बोराल, राजू राजवार, बमकिंन महतो, लालचंद महतो, नमनित महतो, शक्ति महतो, अनोज कुमार महतो समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।







