नई दिल्ली: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से नई दिल्ली स्थित झारखंड भवन में विश्व बैंक के भारत स्थित कंट्री डायरेक्टर ऑगस्टे तानो कौमे के नेतृत्व में एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की। यह बैठक राज्य के आर्थिक विकास, गरीबी उन्मूलन, और निवेश की संभावनाओं पर केंद्रित रही।
इस अवसर पर कौमे ने मुख्यमंत्री द्वारा चलाई जा रही ‘मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना’ की प्रशंसा करते हुए इसे सामाजिक उत्थान की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने झारखंड के समग्र विकास में विश्व बैंक की भूमिका को रेखांकित करते हुए सहयोग की इच्छा जताई।
मुख्यमंत्री सोरेन ने प्रतिनिधिमंडल को राज्य में चल रही विभिन्न विकास परियोजनाओं की जानकारी दी, जिसमें शामिल हैं:
ग्रामीण आर्थिक विकास
अक्षय ऊर्जा एवं जलवायु अनुकूल परियोजनाएं
पर्यटन एवं उत्पाद आधारित उद्यम
कृषि एवं प्राकृतिक संसाधनों का सतत उपयोग
शिक्षा और कौशल विकास कार्यक्रम
विश्व बैंक प्रतिनिधिमंडल ने भारत के विभिन्न राज्यों में अपने अनुभव साझा किए और झारखंड सरकार को विकास योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन, प्रोग्राम डिजाइनिंग, तथा संस्थागत क्षमता निर्माण में सहयोग देने की इच्छा जताई।
बैठक के अंत में दोनों पक्षों ने रांची में एक संयुक्त कार्यशाला आयोजित करने पर सहमति व्यक्त की, ताकि विभिन्न क्षेत्रों में सार्थक सहयोग स्थापित किया जा सके और स्थानीय समुदायों को प्रत्यक्ष लाभ मिल सके।







